विश्व में खेल के क्षेत्रों में हरियाणा की अलग पहचान : कांबोज
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज ने कहा कि विश्व स्तर पर खेलों में हरियाणा की अलग पहचान है। इसलिए खिलाड़ी पूरे उत्साह के साथ खेल के मैदानों में अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। वे वीरवार को देर शाम गांव पलवल में युवा खेल एवं सांस्कृतिक क्लब की दो दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राज्यमंत्री कर्णदेव कांबोज और विधायक सुभाष सुधा ने खिलाड़ियों से परिचय लिया। साथ ही पहले दिन के विजेताओं को सम्मानित किया। राज्यमंत्री ने खेल क्लब को पांच लाख रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को पूरा सम्मान दे रही है। इस नीति के तहत सीएम मनोहर लाल ने करनाल में खेल महाकुंभ का शुभारंभ किया है। इस कार्यक्रम में क्लब और गांव पंचायत की तरफ से राज्यमंत्री को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया गया।