फोटो नंबर - 9
गुरुग्राम में इनेलो का रोजगार मेरा अधिकार के तहत विरोध प्रदर्शन छह को
- युवा इनेलो जिलाध्यक्ष ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक, विभिन्न समस्याओं पर की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। जिला कार्यालय में युवा इनेलो की बैठक के दौरान प्रधान सुनील राणा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी के आगामी कार्यक्रम को लेकर बातचीत की। बैठक में रोजगार मेरा अधिकार, एसवाईएल नहर, जीएसटी मुद्दा, नोटबंदी, कानून व्यवस्था के साथ-साथ व्यापार में आ रही कठिनाइयों पर भी चर्चा हुई।
सुनील ने कहा कि रोजगार हर युवा का अधिकार है, जिसे देने में भाजपा विफल रही है। प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इससे निजात पाना बहुत जरूरी है। इनेलो युवाओं के अधिकार के लिए दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में ‘रोजगार मेरा अधिकार’ अभियान के तहत 6 सितंबर को गुरुग्राम में सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेगी। इसमें कुरुक्षेत्र से बड़ी संख्या में युवा विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे। राणा ने कहा कि सरकार श्वेत पत्र लाकर बताए कि पौने चार साल में कितनी भर्तियां निकाली, उनमें से कितनी पूरी हुई और कितनी भर्तियां बिना कारण कैंसिल की गई। युवा नेता हिमांशु अरोड़ा ने कहा कि बिजली-पानी, खाद-बीज के रेट तीन गुना बढ़ चुके हैं। कच्चा उत्पाद सस्ता होने के बावजूद डीजल-पेट्रोल के दाम कम नहीं हो रहे, जिससे आमजन पर महंगाई की मार बढ़ गई। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव जगबीर मोहड़ी, सुल्तान सिंह, शाहाबाद प्रधान राजू त्यौड़ा, लाडवा प्रधान रजत दुहन, प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप जखवाला, दलबीर नैन, वेद मित्र, पदम धीमान, थानेसर प्रधान मोहित सैनी, मनोज, रमेश किरमिच, बिल्लू कंवारखेडी़, मोनू, नवीन तकोरन, गौरव, जोगिंद्र पिड़ारसी एवं संजय शाक्य मौजूद रहे।