फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुख्यमंत्री मनोहर लाल आज शाहबाद हल्का के लोगों को देंगे करोड़ों की सौगात:बेदी

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो 6, 7
विज्ञापन

सीएम मनोहर लाल आज शाहाबाद हलका के लोगों को देंगे करोड़ों की सौगात : बेदी
- मुख्यमंत्री किसान विश्राम गृह का करेंगे उद्घाटन
- एसडीएम कॉम्प्लेक्स व आईटीआई शाहाबाद के भवन की रखेंगे आधारशिला
- शाहाबाद क्षेत्र के किसान और हलका वासी करेंगे मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को शाहाबाद अनाज मंडी में सूरजमुखी- धान किसान रैली में किसानों से रूबरू होंगे। इसके साथ ही हलके के लोगों को करोड़ों रुपये के तीन प्रोजेक्ट की सौगात भी देंगे। इस रैली में भाजपा एमएसपी बढ़ाने पर प्रधानमंत्री के नाम धन्यवाद प्रस्ताव पारित करने की तैयारी में है। इधर, भाकियू और शाहाबाद नगर पालिका के उपाध्यक्ष गुलशन कवातरा और उनके समर्थकों ने सीएम को काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है। जिसके बाद से पुलिस-प्रशासन चौकन्ना है।
रैली को लेकर हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रैली स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रैली को संबोधित करने से पूर्व किसान विश्राम गृह का उद्घाटन करेंगे। एसडीएम कॉम्प्लेक्स व आईटीआई शाहाबाद के भवन की आधारशिला भी रखेंगे। 29 जुलाई को घरौंडा में धान किसान रैली व 5 अगस्त को बरवाला में कपास किसान रैली का आयोजन किया जाएगा।
विज्ञापन

दूसरी तरफ, भाकियू और शाहाबाद नगर पालिका के उपाध्यक्ष गुलशन कवातरा और उनके समर्थकों ने सीएम को काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है। भाकियू प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि यहां जीरी-सूरजमुखी किसान रैली आयोजित करके किसानों को गुमराह किया जा रहा है, जबकि भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में किए वादे पूरे नहीं किए। भाजपा छोड़ कर हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए शाहाबाद नगर पालिका उपाध्यक्ष गुलशन कवातरा का कहना है कि भाजपा के मंत्री बेदी ने चुनाव पहले हर सभा में घोषणा की थी कि शाहाबाद में ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाएगा, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। एक साल पहले मुख्यमंत्री ने शाहाबाद शुगर मिल में एथनोल प्रोजेक्ट लगाने का शिलान्यास किया था। आज तक इस पर काम शरू नहीं हुआ। शाहाबाद-बराडा-लाडवा रोड फोरलेन करना था, वो काम पूरा नहीं हुआ।

60 गुना 40 का मंच, 8 सेक्टरों में विभाजित होगा पंडाल
इस जनसभा के लिए 60 गुना 40 का मंच लगाया गया है। इसके अलावा पंडाल को 8 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इनमें एक नंबर सेक्टर वीआईपी, दो नंबर सेक्टर महिलाओं के लिए, 3 से 8 नंबर सेक्टर हलके के गणमान्य लोगों के लिए होगा। इतना ही नहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रेस के लिए अलग से गैलरी बनाई गई है।

दो वीआईपी गेट बनाए, 500 पुलिस कर्मी रहेंगे तैनात
कार्यक्रम स्थल में पहुंचने के लिए दो वीआईपी गेट भी बनाए गए हैं और कार्यक्रम स्थल के आसपास दो जगहों पर पार्किंग भी बनाई गई है। इस कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच आउटर नाके, राइडर व्यवस्था और ट्रैफिक सहित 500 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक सेक्टर की कमान सब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी के पास होगी।
नियुक्त किए 5 ड्यूटी मजिस्ट्रेट
डीसी डॉ. एसएस फुलिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए 5 अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। एसडीएम शाहबाद को अनाज मंडी स्टेज, बीडीपीओ शाहाबाद को अनाज मंडी शाहाबाद के लिए, जनसभा स्थल के लिए नगराधीश कुरुक्षेत्र, किसान विश्राम गृह के लिए एसडीएम लाडवा व तहसीलदार शाहाबाद तथा कारकेड के लिए बीडीपीओ बाबैन को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
विज्ञापन


एसडीएम ने ली अधिकारियों की बैठक
एसडीएम पूजा चांवरिया ने शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के 22 जुलाई को शाहाबाद के विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शनिवार को एसडीएम कार्यालय में अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी कार्यक्रम में निर्धारित समय पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे और सभी मेहनत और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वाह करेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें