फोटो नंबर - 14
सुबह कहीं-कहीं हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद दिनभर खिली धूप
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज फिर बदल गया। इससे किसानों की चिंता फिर से बढ़ गई। तीन दिन तक गेहूं कटाई के लिए बेहतर रहे मौसम के चलते अनाज मंडियां गेहूं से पटने लगी थीं। किसानों ने गेहूं कटाई कार्य तेज कर दिया, वहीं सोमवार को मौसम के करवट लेने से किसानों की चिंता फिर बढ़ गई। आसमान में छाए बादलों को देख गेहूं कटाई में और तेजी आ गई है।
जिले में मौसम बदलने से घबराए किसानों अफरा-तफरी में अनाज को समेटने में लग गए हैं। मंडी में आवक तेज होने और माल उठान में देरी के चलते अनाज मंडी में गेहूं के अंबार लग गए हैं। रविवार तक इस्माईलाबाद मार्केट कमेटी के अंतर्गत आने वाली तीनों अनाज मंडियों में 4,58,628 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। इसमें से मात्र 90,355 क्विंटल गेहूं की ही लिफ्टिंग हो सकी। इस्माईलाबाद अनाज मंडी में रविवार तक 3,35,960 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। इसमें से मात्र 78,855 क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया है। अभी भी अनाज मंडी में 2,57,105 क्विंटल गेहूं का उठान होना बाकी है। इसके चलते मंडी में अनाज के अंबार लग गए हैं।
बारिश की वजह से हो रही देरी : आढ़ती
ठेकेदार रोहताश शर्मा ने बताया कि बारिश की वजह से कुछ आढ़ती गेहूं देने में देरी कर रहे हैं। अजराना कलां में हैफेड के लिए माल उतारने को लेबर कम पड़ रही है। इस कारण देरी हो रही है। इसके अलावा कुछ आढ़ती नमी युक्त गेहूं गाड़ियों में भर कर भेज रहे हैं। माल रिसीव करते समय उसकी गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो गाड़ी वापस भेज दी जाती है। इस कारण भी माल उठान में देरी हो रही है।