नियम-134 ए के तहत दाखिलों के लिए पहले अभिभावकों को दस-दस रुपये में खरीदने पड़े फॉर्म
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। नियम-134 ए के तहत निजी स्कूलों में दाखिले के लिए आवेदन मिलने शुरू हो गए है। मंगलवार को आवेदन के पहले ही दिन अभिभावकों को उस समय झटका लगा, जब वे आवेदन लेने खंड शिक्षा कार्यालय पहुंचे। वहां उन्हें आवेदन पत्र ही नहीं मिले। कार्यालय कर्मचारियों ने एक आवेदन पत्र महज दिखाने और मोबाइल आदि में फोटो लेने के लिए रखा हुआ था। इसके चलते अभिभावकों को यह आवेदन पत्र कार्यालय के समीप ही राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कैंटीन और बाजार में स्थित निजी दुकानों से दस-दस रुपये में खरीदने पड़े।
नियम- 134 ए के तहत दाखिले के लिए आवेदन पत्र लेने के लिए अभिभावक सुबह से ही कार्यालय पहुंचने शुरू हो गए थे। इनमें से अधिकतर आवेदन पत्र लेने और उसके साथ पूरी की जाने वाली औपचारिकताओं की पूछताछ ही करते रहे। करीब 20 अभिभावक आवेदन जमा करवाने भी पहुंचे, लेकिन इनमें से अधिकतर आवेदनों में खामियों के चलते उन्हें दुरुस्त करने के सुझाव कर्मचारियों ने दिए। बता दें कि कक्षा दो से 12वीं तक की कक्षाओं के लिए 10 अप्रैल तक आवेदन करना होगा। आवेदन फार्म खंड शिक्षा अधिकारी के पास जमा करवाने होंगे। 12 अप्रैल को सभी आवेदनकर्ताओं की सूची खंड शिक्षा कार्यालय पर जारी की जाएगी। 15 अप्रैल को परीक्षा का आयोजन खंड स्तर पर किया जाएगा। कक्षा दो से आठवीं तक परीक्षा परिणाम 18 को घोषित करने के बाद दाखिले के लिए ड्रॉ 19 अप्रैल को, जबकि कक्षा 9 से 12वीं तक का परीक्षा परिणाम 20 अप्रैल को घोषित किया जाएगा। 22 अप्रैल को ड्रॉ निकाला जाएगा। सफल छात्रों को दाखिले 20 अप्रैल से 26 अप्रैल तक दिए जाएंगे। इसके बाद रिक्त रही सीटों को लेकर 12 मई से 14 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे। बता दें कि पिछली बार करीब आधी सीटें रिक्त रह गई थीं।
वेबसाइट से ले सकते हैं आवेदन पत्र : बीईओ
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक का कहना है कि कार्यालय में इतनी संख्या में आवेदन पत्र रखना संभव नहीं है। वेबसाइट सार्वजनिक है। कोई भी वहां से आवेदन पत्र का प्रिंट निकाल सकता है। दाखिलों को लेकर किसी भी अभिभावक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।