इस्माईलाबाद। गांव ठोल में बरसाती पानी की निकासी न होने कारण गांव में स्थित तालाब पानी से ओवर फ्लो होकर घरों में घुसने लगा है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चार दिन से गलियों व घरों में दूषित पानी जमा होने से बीमारी फैलने के आसार बन गए है। ग्रामवासी राहुल धीमान, करण धीमान, हरनायक, मोहित शर्मा, ललित, विकास, तनुज, रमन, मंगू, सुनिता, पाला, संजीव, प्रीति, ओमप्रकाश, नरसिंह, रवि, सतपाल, विष्णु आदि ने बताया कि गांव में बरसाती पानी की निकासी का पुख्ता प्रबंधक न होने के कारण पानी तलाब से ओवर फ्लो होकर घरों में घूसने लगा है। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिनों से गंदा पानी गलियों व घरों में जमा होने से गांव में गंदगी बढ़ गई है जिससे गांव में बिमारी फैलने की आशंका है। उन्होंने बरसात के मौसम से पहले पानी की निकासी के लिए बीडीपीओ अवगत करवाया था तथा उन्होंने सीएम वींडो पर भी पानी की निकासी के लिए गुहार लगाई थी। लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बरसाती पानी की निकासी का प्रबंध किया जाए ताकि ग्रामवासियों को परेशानी का सामना न करना पडे।
जब इस बारे में बीडीपीओ राजबीर सिंह ने बताया कि गांव में पानी निकासी का मामला सरपंच के माध्यम से उनके पास आया था। उन्होंने तुरंत पंचायत सचिव को बुलाकर पानी की निकासी के लिए के लिए निर्देश दिए है। पानी की निकासी के जेसीबी मशीन से पाईप दबा कर पानी की निकासी का काम जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा। जिन गांवों में पानी निकासी की अधिक दिक्कत थी वहां पर पानी निकासी के लिए पंप लगाकर निकासी का कार्य शुरू भी करवा दिया गया है।