आज सड़कों पर उतरेंगे कांग्रेस कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र । कांग्रेस आईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष जगबीर जोगनाखेड़ा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ रविवार को कांग्रेस भवन में एकजुट होकर हल्ला बोलेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता इस दौरान भाजपा सरकार की किसान विरोधी नीतियों के विरोध में रोष मार्च भी निकालेंगे। जगबीर जोगनाखेड़ा ने कहा कि भाजपा की सभी नीतियां किसान विरोधी हैं। जिसके कारण कई प्रदेशों में जहां किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। वहीं मध्य प्रदेश में खुद भाजपा सरकार किसानों पर पुलिस के माध्यम से गोली चलवाकर उनकी हत्या करवाने का काम कर रही है। जगबीर जोगनाखेड़ा ने कहा कि किसानों को न तो उनकी फसलों के उचित दाम दिए जा रहे और ना ही उन्हें सुविधाएं दी जा रही। फसल बीमा योजना के नाम पर किसानों को लूटने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाने का वादा कर सत्ता में आई भाजपा तीन साल बाद स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट का नाम लेने से भी बच रही है। जिसके कारण किसान आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहे हैं।