संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कोरोना वायरस रोजाना कितनी जिंदगी लील रहा है, इसका अंदाजा इस आंकड़े से लगाया जा सकता है कि शनिवार को कुरुक्षेत्र के अस्पतालों में 12 कोरोना पॉजिटिव मरीजों ने दम तोड़ दिया। इनमें पांच कुरुक्षेत्र, एक करनाल, एक मथुरा, एक गुरुग्राम और चार दिल्ली से संबंध रहने वाले थे। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों कोरोना संक्रमण से मरने वाले चार मरीजों की पुष्टि की है।
इनमें गांव बाखली वासी 63 वर्षीय बुजुर्ग है, जिसकी मौत 23 अप्रैल को हिसार के अग्रोहा अस्पताल में, गांव बपदा वासी 42 वर्षीय व्यक्ति की कुरुक्षेत्र नर्सिंग होम में 25 अप्रैल को, मतर्जापुर वासी 50 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई चंडीगढ़ में और लाडवा वासी 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला की सरस्वती मिशन अस्पताल में 26 अप्रैल को उपचार के दौरान मौत हुई थी।
उधर, कोरोना बेकाबू हुआ कोरोना संक्रमण तेजी से लोगों को अपनी चपेट में ले रहा है। शनिवार को भी दो चिकित्सकों सहित 211 नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं, जबकि 189 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर सिंह का कहना है कि अब तक कुरुक्षेत्र में कोरोना वायरस से संक्रमित 16 हजार 737 पॉजिटिव केस सामने आ चुके है। इनमें से 14 हजार 628 मरीज सकुशल कोरोना संक्रमण को मात देकर अपने घर लौट चुके हैं।
कुरुक्षेत्र में फिलहाल कोरोना वायरस के 1923 एक्टिव केस है। इनमें से 49 मरीज एलएनजेपी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड, 503 मरीज निजी व सरकारी अस्पतलों में दाखिल है। हालांकि सामान्य लक्षण वाले 1371 मरीजों के उनके घर पर ही आइसोलेट किया गया है। अब तक कुरुक्षेत्र में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 186 तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 2 लाख 99 हजार 235 सैंपल लिए हैं। इनमें से 2 लाख 78 हजार 317 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है।
इनकी हुई मौत
कुरुक्षेत्र के दयानंद कॉलोनी वासी 63 वर्षीय बुजुर्ग, करनाल के सेक्टर-7 वासी 67 वर्षीय बुजुर्ग, दिल्ली वासी 72 वर्षीय बुजुर्ग और मथुरा वासी 39 वर्षीय व्यक्ति की जिला अस्पताल में, गांव सलपानी कलां कुरुक्षेत्र वासी 54 वर्षीय व्यक्ति की राधा किशन अस्पताल, दिल्ली वासी 37 वर्षीय व्यक्ति, बैंक कॉलोनी कुरुक्षेत्र वासी 67 वर्षीय बुजुर्ग, दिल्ली वासी 53 वर्षीय महिला और गुरुग्राम वासी 71 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति, सीसी कॉलोनी दिल्ली वासी 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति, सेक्टर-13 कुरुक्षेत्र वासी 62 बुजुर्ग व्यक्ति और गीता कॉलोनी कुरुक्षेत्र वासी 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की आदेश मेडिकल कॉलेज शाहाबाद में उपचार के दौरान मौत हो गई।