अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय सूचना प्रोद्यौगिकी संस्थान (एनआईटी) में पिज्जा पहुंचे जोमेटो कंपनी के डिलेवरीमैन की कुछ युवकों ने पिटाई कर दी। हमलावर युवकों ने मारपीट के साथ ही उससे पांच हजार रुपये भी छीन लिए। डिलेवरीमैन को बचाने आए उसके अन्य साथियों के साथ भी मारपीट की गई और उनकी बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दीदार नगर विासी एवं जैमेटो कंपनी के डिलेवरीमैन सुशील ने बताया कि वह शुक्रवार रात 9.30 बजे एनआईटी में पिज्जा डिलीवर करने जा रहा था। इसी बीच किरमिच रोड स्थित एनआईटी के पीछे वाले गेट के पास बैठे तीन युवक शराब पीते दिखाई दिए। वह निकल ही रहा था कि शराबी युवकों ने उसकी बाइक रुकवाई और पिज्जा छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और पांच हजार रुपये छीन लिए। इस दौरान वहां से गुजर रहे कंपनी के अन्य कर्मी अंकित, श्रीभगवान, मिट्ठू तथा संजीव सुशील को पिटता देखकर वहां रुके। इस बीच हमलावरों युवकों ने अपने अन्य साथियों को बुलाकर उन सभी कर्मियों पर डंडे-बिंडो समेत तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
इस दौरान जोमैटो कंपनी के कर्मचारियों की चार मोटरसाकिलों को भी क्षतिग्रस्त करके गंदे नाले में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके ने घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। वहीं, पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार चार आरोपियों के खिलाफ केयूके थाना में मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हमलावरों के बारे में कोई सुराग नहीं लग पाया है।
बाइक छोड़कर भागे हमलावर
पीड़ितों द्वारा पुलिस को सूचित करने के भनक लगते ही तीनों हमलावर अफरा-तफरी में अपनी बाइक को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। घायल कर्मचारियों ने उस बाइक को अपने कब्जे में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया। संभावना जताई जा रही है कि बाइक के आधार पर पुलिस जल्द ही हमलावरों को काबू कर लेगी।
सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस
घायल कर्मियों ने पुलिस के रवैये पर नाराजगी जाहिर की है। पीड़ितों के अनुसार वारदात की शिकायत करने के लिए करीब 20 बार 100 नंबर पर कॉल की गई, लेकिन किसी भी पुलिस कर्मी ने रिसीव नहीं की। आखिरकार आधे घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद पुलिस ने उनकी सुध ली और वारदात स्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को उन्होंने आपबीती बताई तो पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया।