कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में 4 करोड़ 77 लाख की लागत से सरस्वती पुल का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके निर्माण कार्य 24 अप्रैल 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा जबकि 9 करोड़ 87 लाख 74 हजार की लागत से लघु सचिवालय के तीसरे खंड का निर्माण किया जाएगा। रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले विधायक सुभाष सुधा, नप वाइस चेयरमैन मनिंद्र छिंदा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता अमित मनोजा, नगरपरिषद के एमई ईश्वर वर्मा ने उक्त निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया।
विधायक ने कहा कि सरस्वती पुल का निर्माण कार्य 24 अप्रैल 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा। यह पुल फोर लेन बनाया जाएगा। लघु सचिवालय के तीसरे नए ब्लॉक के निर्माण का कार्य 20 नवंबर 2019 तक पूरा कर लिया जाएगा। यह सचिवालय भवन 5 मंजिल होगा और हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 4 जून 2015 की जनसभा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने थानेसर हलका के लिए जितनी भी घोषणाएं की थी। उनमें से 90 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हो चुकी है। इतना ही नहीं इस हलके में घोषणा पत्र के अलावा भी कई नई परियोजनाओं जिनमें आयुष यूनिवर्सिटी, कुरुक्षेत्र का नया बाईपास, एलिवेटिड रेलवे ट्रैक आदि शामिल है, को जल्द ही पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि देश की पहली आयुष यूनिवर्सिटी का निर्माण कार्य का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र किया जाएगा। इस प्रदेश में 1966 के बाद पहली बार सबका साथ-सबका विकास नीति पर कार्य किया जा रहा है। इस हल्के में आने वाले अगले करीब दो वर्षों में करोड़ों रुपये की कई और योजनाओं पर कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर पार्षद विशाल शर्मा, सुशील राणा, मोहन लाल अरोड़ा, दलबारा सिंह, भारत भूषण सिंगला, मुकेश सैनी, महेंद्र सिंगला, श्याम परासर, गगन कोहली, दीपक सिडाना सहित अन्य मौजूद रहे।