सात विवि के 25 पाठ्यक्रमों में कॉमन प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला करेगा केयू
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र ।
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी सत्र 2018-19 में प्रदेश के सात विश्वविद्यालयों के 25 पाठ्यक्रमों में दाखिले ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा के आधार पर करेगा। प्रदेशभर के विद्यार्थी नए सत्र में दाखिले के लिए मई के तीसरे सप्ताह से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. कैलाश चंद्र शर्मा के निर्देशानुसार कुलसचिव डॉ. प्रवीण कुमार सैनी ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय आगामी सत्र में एमकॉम, एमए अर्थ शास्त्र, एमए बिजनेस अर्थ शास्त्र, एमबीए दो वर्षीय बजटिड, एबीए दो वर्षीय एसएफएस, एमबीए जनरल, एमबीए ऑनर्स, एमबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स, एमए पत्रकारिता एवं जन संचार, एमएससी जनसंचार, एलएलएम, एमए राजनीति शास्त्र, एमए लोक प्रशासन, एमए अंग्रेजी, एमए हिंदी, एमए इतिहास, एमए भूगोल, एमएससी भूगोल, एमपीएड, एमपीईएस, एमए मनोविज्ञान, एमएससी मनोविज्ञान, एमए अप्लाइड मनोविज्ञान, एमए समाज शास्त्र एंड मास्टर ऑफ सोशल वर्क आदि पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन दाखिले करेगा। सभी पाठ्यक्रमों में दाखिले प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर होंगे।
आवेदक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर लॉग इन कर सकते हैं। गौरतलब है कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को कामन प्रवेश परीक्षा के तहत 25 पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन दाखिला करने की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश के 7 विश्वविद्यालयों, जिनमें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय खानपुर कलां, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी, आईजी विश्वविद्यालय मीरपुर, सीडीएलयू सिरसा, चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी जींद में दाखिले केयू द्वारा ली गई प्रवेश परीक्षा के आधार पर मिलेगा। सभी दाखिले प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर होंगे। दाखिले के लिए पूरा शेड्यूल जल्द ही सभी विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड होगा। विद्यार्थी घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अपने मनचाहे विश्वविद्यालय में दाखिला ले सकेंगे। एडमिशन शेड्यूल से लेकर विश्वविद्यालयों के बारे में पूरी जानकारी के लिए एक कॅामन प्रॉस्पेक्टस तैयार किया जाएगा। जिसे सभी विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को नए सत्र में प्रवेश के लिए सभी जानकारी मुहैया कराई जा सकें। सत्र 2018-19 में वाणिज्य तथा कला संकाय के पाठ्यक्रमों में दाखिले की जिम्मेदारी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को दी गई है।
बाक्स
दाखिले के तैयारियों में जुटा प्रशासन
नए सत्र में दाखिले के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को विश्वविद्यालय के डीए अकादमिक अफेयर कार्यालय में प्रवेश परीक्षाओं के लिए पाठ्यक्रम के संबंध में अधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें नए सत्र में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा का पाठ्यक्रम तय किया गया।
बाक्स
प्रॉस्पेक्टस के लिए बनाई विशेष कमेटी
नए सत्र में दाखिले के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक विशेष कमेटी बनाई है जो अगले कुछ दिनों में नए सत्र का प्रॉस्पेक्टस तैयार करेगी। दाखिले का शेड्यूल जारी करेगी। विद्यार्थियों को नए सत्र में दाखिले के लिए कोई परेशानी न हो, इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से शैक्षणिक शाखा को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं।