‘निर्माण कार्यों के सरकारी रेटों और बाजार रेट में अंतर होने से निर्माण कार्य प्रभावित’
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
ब्लॉक सरपंच एसोसिएशन की बैठक प्रधान मलकीयत सिंह की अध्यक्षता में मारकंडा मंदिर के प्रांगण में हुई। इसमें सरपंचों ने अपनी पेश आ रही समस्याओं के बारे में विचार किया गया। इसमें निर्माण कार्य के मटीरियल के रेटों में अंतर होना और एक जनवरी से निर्माण कार्यों में आईएसआई टाइलों का लगाना था। एसोसिएशन के प्रधान मलकीयत सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा तय किए गए रेट और बाजार के रेटों में अंतर है। इससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरपंचों का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से भेंट करेगा और ज्ञापन देगा।
बैठक में राज्यमंत्री कृष्ण बेदी के लिए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया जो बिना भेदभाव के लिए विकास कार्यो के लिए अनुदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही सरपंचों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यमंत्री कृष्ण बेदी से मिलेगा और विकास कार्यों के लिए अनुदान की मांग रखेगा। बैठक में सरपंचों ने मांग की कि उन्हें निर्माण कार्यों के लिए सीमेंट लेने के लिए कहीं से भी अनुमति होनी चाहिए। क्योंकि, यदि अधिक मात्रा में सीमेंट खरीदना है तो वह खंड विकास कार्यालय से खरीदने के लिए तैयार हैं, लेकिन यदि कम मात्रा में खरीदना है तो इसके लिए सरपंच को अधिकृत किया जाना चाहिए। सैदपुर के सरपंच टोनी ने कहा कि गांवों में गरीब परिवारों को कॉलोनियां देने को प्राथमिकता देनी चाहिए। गांव अटवान के सरपंच विक्रम ने कहा कि एक जनवरी से गांवों में विकास कार्यों में आईएसआई टाइलें लगेंगी। इससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता आएगी। उन्होंने कहा कि आईएसआई टाइल लगने से सरपंच अपनी जिम्मेदारी से मुक्त होंगे और जिस फर्म के आईएसआई टाइल लगेंगे, वह इसके लिए जिम्मेदार होगी। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से निर्माण कार्यों में भी गुणवत्ता आएगी। सरपंचों के ग्राम सचिवों को अनेक ग्राम पंचायतों का कार्य देने की शिकायत करने पर सरपंच एसोसिएशन के प्रधान मलकीत सिंह ने कहा कि वह इस बारे में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी से बात करेंगेे। इस अवसर पर सरपंच सर्वजीत कलसानी, बलकार रायमाजरा, जंगबीर मोहनपुर, बाज सिंह मदूदां, कल्याण सिंह रामनगर, रमेश गौरीपुरा, अमरिंद्र कठवा, बखशीश नलवी, अमिल कलसाना, करनैल सैनी, नेत्रपाल तंगौर, सरपंच नरेंद्र धंतौडी, अमरजीत सरपंच मामूमाजरा, सरपंच सतीश मद्दीपुर, टोनी सरपंच सैदपुर, विक्रम अटवान बीबीपुर, विक्रमजीत सरपंच रत्नगढ़ आदि मौजूद थे।