अमर उजाला ब्यूरो
बाबैन।
झारखंड में 28 सितंबर से दो अक्तूबर तक आयोजित राष्ट्रीय स्कूल स्तरीय अंडर-15 ड्रॉप बाल राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में आर्यन सैनी रामसरन माजरा के नेतृत्व में खेलते हुए हरियाणा की टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीता है। अब यह टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए आर्यन सैनी के नेतृत्व में दिसंबर में हांगकांग जाएगी। आर्यन सैनी की इस उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव रामसरन माजरा में खुशी का माहौल है। उनके दादा सतप्रकाश, दादी उर्मिला, पिता राजीव सैनी, माता शालू, मोहित सैनी सहित गांव के लोग फूले नहीं समा रहे है। गांव की पंचायत ने भी फैसला किया है कि ग्राम पंचायत जल्दी ही गांव में एक सम्मान समारोह का आयोजन कर आर्यन सैनी और उसकी टीम के सदस्यों को सम्मानित करेगी। इस अवसर पर गांव की सरपंच सुनीता देवी ने कहा कि जो बच्चे खेलों में भाग लेते हैं। वे बच्चे अन्य बच्चों के मुकाबले शारीरिक, मानसिक तौर पर ज्यादा ठीक रहते हैं। इस अवसर पर आश कुमार, गुलशन, दीपक, महेंद्र सैनी, विकास उर्फ जोनी, संजूू, जगदीश, श्रवण कुमार, सोनू सैनी के अलावा अनेक लोग उपस्थित थे।