अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
केयू हॉस्टल मेस वर्कर यूनियन की आम सभा की बैठक प्रधान राम प्रकाश पाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अपनी मांगों को लेकर मेस वर्कर्स ने जमकर नारेबाजी की। प्रधान ने कर्मचारियों को बताया कि मेस कर्मचारी अपना रेगुलाइजेशन का केस कोर्ट से जीत गए हैं और केयू प्रशासन को फैसले से अवगत भी करवाया गया लेकिन केयू प्रशासन अपनी हठधर्मिता को अपनाए हुए है जो अब मेस कर्मचारियों को बर्दाश्त नहीं होगा। आज आम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक कर्मचारियों को रेगुलर नहीं किया जाता तब तक वे प्रदर्शन करते रहेंगे। इस अवसर पर कानूनी सलाहकार, महासचिव सुभाष पारचा, उपप्रधान अमन कुमार, कृष्ण चन्द, रोबी, रामसागर, उमाशंकर, ललन सिंह, सुनील, सुशील, जीत सिंह, अजय, अनीता, गंगा देवी आदि ने भाग लिया।