अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश के युवा छात्र संघ चुनाव बहाल कराने के लिए बड़ी से बड़ी कुर्बानी देने को तैयार हैं। इस मांग को पूरी करवाने के लिए खट्टर सरकार के समक्ष घुटने टेकने वाले नहीं है। इनसो ने प्रदेश सरकार को 5 अगस्त तक का समय दिया था, ताकि वे छात्र संघ चुनाव करवाने की घोषणा कर सके, चेतावनी की यह तारीख भी गुजर चुकी है। 21 अगस्त को इनसो कार्यकर्ता प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों के मुख्य द्वारों पर ताले लगाकर सोई हुई सरकार को जगाने का काम करेंगे। बुधवार को दिग्विजय चौटाला कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के स्टूडेंट होम में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विश्वविद्यालय के लगभग सभी विभागों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
उन्होंने छात्र-छात्राओं के अलावा प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में छात्रों की आवाज उठा रहे सभी छात्र संगठनों एनएसयूआई, एसएफआई, डीएएसएफआई, जीबीएसओ, बीपीएसओ, कुसा व अन्य संगठनों से भी इस मुहिम में अपना योगदान देने की अपील की। दिग्विजय चौटाला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आप भविष्य में अच्छे नेता देखना चाहते हैं। अगर आप चाहते हैं कि आप सब में से ही कोई भविष्य में एमएलए, एमपी बने तो उसके लिए छात्र संघ चुनाव बहाल कराना आवश्यक है। क्योंकि छात्र संघ चुनाव आज की जरूरत है। अगर ये चुनाव अब हुए तो हो जाएंगे, अन्यथा कभी नहीं होंगे। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 21 अगस्त को अपने हक की लड़ाई के लिए धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे। इतिहास गवाह है कि धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से बड़े-बड़े बदलाव हुए हैं। हम आने वाली नस्ल को बेहतर भविष्य देने के लिए ये कदम उठाने जा रहे हैं। इस मौके पर इनसो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जसविन्द्र खैरा, युवा जिलाध्यक्ष सुनील राणा, इनसो नेत्री मंजू जाखड़, इनसो नेता विक्रम गुर्जर, योगेश शर्मा, बबलू काजल, विवेक चौधरी, गुरजिन्द्र खेड़ी, उत्तम गणगस, गौतम नैन, दीपेन्द्र बराड़, रविन्द्र तंवर, लक्की काजल, विशाल मुकीमपुरा, हर्ष शर्मा, कपिल राणा, जयकिशन जैकी, राजेश पायलट, धीरज नैन, अर्पित पंडित, रुद्र कुमार, शक्ति बूरा, अमित खारी, हैप्पी खंगूरा, महावीर बरटा, संजीव सिहाग, चीनू राणा, सुदेश, सिम्पल बांगर, जगदीप कौर, अमित बोदला, सारथ तिवारी, सुनील रायसन, राजन कतलाहरी, प्रदीप हथीरा, गुरमीत हुंदल आदि मौजूद थे।