कुरुक्षेत्र। पिहोवा रोड पर मंदिर के निकट लावारिस गौवंश से टक्कर लगने के कारण एक्टिवा सवार एक युवक की मौत हो गई। गाय से एक्विवा की भिड़ंत में उक्त युवक बुरी तरह से लहूलुहान हो गया था। एक राहगीर ने इस घटना की तत्काल सूचना एंबुलेंस सेवा पर दी। हादसे की सूचना मिलते ही लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल से एक एंबुलेंस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां डाक्टरों ने उक्त युवक को मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि मृतक की शिनाख्त डेरा ज्योतिसर वासी 26 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र चूहड़ सिंह के रूप में हुई है। थर्ड गेट पुलिस चौकी प्रभारी सेवा सिंह ने बताया की सुरेंद्र पीओपी करने का काम करता था, शनिवार रात को घर लौटते समय वह अपने साथी की एक्टिवा पर सवार था, इस दौरान नरकातारी टी प्वाइंट के निकट उपरोक्त हादसा हो गया, जिसमें चालक बाल बाल बच गया, लेकिन पीछे बैठे सुरेंद्र का सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी के मुताबिक मृतक का पोस्टमार्टम रविवार को होगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में रखा गया है।