फोटो 31,32
रूट बदलकर गुजारी गई सदा-ए-सरहद बस
- पाकिस्तान के लाहौर से यात्रियों को लेकर दिल्ली आती है बस
- पुलवामा हमले के बाद कई संगठनों ने बस का घेराव करने की दी थी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। लाहौर से दिल्ली वाया बाघा बार्डर पाकिस्तानी यात्रियों को लेकर आने वाली बस सदा-ए-सरहद के नेशनल हाईवे से गुजरने को लेकर प्रशासन की सांसे फूल गईं। कड़े सुरक्षा इंतजाम के बाद बस का पिपली पैराकीट ठहराव रद्द कर उसे फ्लाईओवर से दिल्ली रवाना कर दिया । जिले की सीमा से बाहर निकलने के बाद ही जिला प्रशासन ने राहत की सांस ली।
मालूम हो कि भारत-पाकिस्तान के बीच वाया बाघा बार्डर बस चलती है। यह बस दोनों देशों के यात्रियों को इधर से उधर लाती और ले जाती है। बीते दिनों पुलवामा में हुए आतंकी हमले में 44 जवानों की मौत के बाद पूरे देश में पाकिस्तान को लेकर गहरा आक्रोश है। ऐसे में पाकिस्तान से यात्रियों को लेकर आने वाली बस सदा-ए-सरहद पर हमले की आशंका जताई जा रही थी। यही नहीं कई संगठनों ने दोनों देशों के बीच चलने वाली इस बस का घेराव करने की चेतावनी भी प्रशासन को दी थी। जिसके बाद से ही प्रशासन सतर्क हो गया। सोमवार को दो बजे के करीब ही भारी संख्या में पुलिस के पैराकीट में तैनात हो गए। करीब 4.25 बजे यहां बस को पहुंचना था। यहां सुरक्षा के मद्देनजर डीएसपी राज सिंह व सदर थाना प्रभारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। वहीं प्रदर्शन व बस का घेराव करने कुछ युवक भी पहुंच गए। पुलिस ने उनको समझाने का प्रयास किया पर उनको शांत नहीं किया जा सका।इसी बीच प्रशासन ने किसी तरह का रिस्क न उठाते हुए बस के रूट को डायवर्ट कर फ्लाईओवर से सीधे दिल्ली के लिए निकाल दिया। यही नहीं बस का पिपली पैराकीट में ठहराव भी रद्द कर दिया गया। सदा-ए-सरहद के जिले की सीमा पार करने के बाद ही पुलिस ने राहत की सांस ली। हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर सदा-ए-सरहद रिजर्व बल के सुरक्षा चक्र में हरियाणा में प्रवेश किया। अंबाला से लेकर दिल्ली तक बस रिजर्व बल के पहरे में ही पहुंची।
बॉक्स
वाघा बार्डर के बाद पिपली रूकती है बस
-----------------------
बता दें कि दिल्ली से चलकर सदा-ए-सरहद बस सीधी पिपली, कुरुक्षेत्र स्थित पैराकीट में रुकती है। इसके बाद सीधी अमृतसर वाघा बॉर्डर पर पहुंचती है। अमृतसर वाघा बॉर्डर से चलकर सीधी पिपली रुकती है, फिर यहां से दिल्ली रवाना होती है। पुलिस की ओर से पिपली पैराकीट में दो रिवर्ज बटालियन तैनात की गई हैं।
बॉक्स
यह है टाइम टेबल
दिल्ली से चलकर सदा-ए-सरहद सुबह आठ बजे के करीब पिपली पैराकीट में पहुंचती हैं। यहां पर करीब आधे घंटे का ठहराव होता है। अमृतसर के वाघा बॉर्डर से चलने वाली बस दोपहर बाद दो से तीन बजे के बीच में पैराकीट पहुंचती है। यह बस भी करीब आधा घंटा रूकती है। मगर सोमवार को बस करीब चार बजे तक पिपली पैराकीट नहीं पहुंची। साढ़े तीन बजे प्रशासन ने बस का पिपली ठहराव कराने की बजाय सीधी ही फ्लाईओवर से निकाल दी।
बॉक्स
पुलिस पूरी तरह रही अलर्ट : एसपी
----------------
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र पाल ने बताया कि सदा-ए-सरहद बस की सुरक्षा को लेकर पिपली पैराकीट में छह इंस्पेक्टरों की तैनाती के साथ रिजर्व बल तैनात किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक तान्या सिंह हर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वाघा बॉर्डर से आने वाली बस पिपली से अतिरिक्त रिजर्व बल की टुकड़ी की सुरक्षा में दिल्ली की ओर रवाना की गई है।