अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को धर्मनगरी से पूरे देश को न केवल स्वच्छता का संदेश देंगे बल्कि इस अभियान में जुड़े स्वच्छता सिपाहियों को सम्मानित भी करेंगे, लेकिन इस अभियान को यहीं से बड़ा झटका लग सकता है। समारोह में महज 9 दिन बाकी है, जिसके बावजूद शहर में अनेकों जगहों पर कचरे के ढेर पड़े है ,जो न केवल नगर परिषद के अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों के लिए भी चुनौती बने हुए है। हालांकि नप अधिकारियों के दावों के अनुसार समारोह से पहले धर्मनगरी पूरी तरह से क्लीन कर दी जाएगी, लेकिन वर्तमान हालात में ये दावे हकीकत से कोसों दूर दिखाई दे रहे है। हालात यह है कि शहर के मुख्य मार्गो से लेकर लिंक रोड व समारोह स्थल पर भी कचरे के ढेर पड़े है जबकि अभी तक नगर परिषद इसके लिए विशेष अभियान तक शुरू नहीं कर पाई है। माना जा रहा है कि समारोह में विभिन्न राज्यों से 5 हजार व हरियाणा भर से 15 हजार जनप्रतिनिध महिलाएं इस समारोह में शामिल होंगी तो वहीं स्वच्छता आईकॉन व एंबेस्डर भी समारोह का अहम हिस्सा बनेंगे। अभी तक बनाए कार्यक्रम के तहत ये सभी कुरुक्षेत्र भ्रमण भी करेंगे और लोगों की मानें तो वर्तमान हालात में यहां आने वाले स्वच्छता आइकॉन व अन्य लोगों को कचरे के ढेरों का सामना करना पड़ा तो यहां से संदेश विपरित ही जाएगा।