अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। जिला भर में पिछले एक सप्ताह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसके चलते तापमान चार डिग्री तक गिर चुका है। सोमवार को भी जहां सुबह करीब 10 बजे तक धुंध छाई रही और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री तक रहा तो वहीं ठंड बढ़ने से जन जीवन अस्त-व्यस्त सा हो गया है। बाजारों से लेकर अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की कम भीड़ दिखाई देने लगी है। लोग ठंड से बचने के लिए प्रयासों में रहने लगे है तो वहीं ठंड बढ़ने के चलते ही मंगलवार से 15 जनवरी तक स्कूलों में भी छुट्टियां रहेंगी। हालांकि अगले एक सप्ताह तक कभी बादल तो कभी हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई जा रही है, जिसके चलते तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी की भी उम्मीद है। इससे लोगों को कुछ राहत मिलेगी तो इसके बाद फिर ठंड अपना असर दिखाएगी। बता दें कि एक सप्ताह पहले जिला में न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री तक रहा, जिसके बाद यह लागातर कम होता रहा है। पिहोवा क्षेत्र में तीन दिन पहले एक अज्ञात वृद्ध की मौत भी ठंड से होने की आशंका जताई गई।
ठंड बढ़ने से किसानों के खिले चेहरे, गेहूं की फसल में होगा फायदा, बढ़ेगा उत्पादन
ठंड बढ़ने से आम जनजीवन भले ही प्रभावित हो रहा है, लेकिन किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। ठंड से गेहूं की फसल में फायदा होगा। इसमें फुटाव बढ़ेगा तो उत्पादन भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। किसान राजबीर सिंह, महेंद्र सिंह, सतपाल सिंह, विक्रम आदि का कहना है कि जितनी अधिक ठंड होगी, गेहूं की फसल उतनी ही अच्छी होगी। इसमें पानी की खपत भी कम होगी तो बिजली व डीजल खर्च की भी किसानों को बचत होगी। बता दें कि जिला भर में एक लाख 15 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में इस बार गेहूं की बिजाई की हुई है।
गेहूं की फसल के लिए ओर भी ठंड की जरूरत : उपनिदेशक
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. प्रदीप कुमार मील का कहना है कि गेहूं की फसल पर ठंड का सकारात्मक असर पड़ता है। इससे फसल अच्छी होती है तो पैदावार भी बढ़ती है। गेहूं की फसल को देखकर अभी ओर अधिक ठंड की जरूरत है।
आज से बंद रहेंगे स्कूल
ठंड के चलते मंगलवार से स्कूलों में 15 जनवरी तक छुट्टियां रहेंगी। जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री ने बताया कि सरकार द्वारा छुट्टियों के आदेश दिए गए हैं, जिससे सभी स्कूल मुखियाओं को अवगत करवा दिया गया है। यह आदेश सरकारी व निजी स्कूलों पर भी जारी रहेंगे। इसके बावजूद स्कूल खुलने का मामला सामने आया तो प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आगे एक सप्ताह मौसम की यह स्थिति रहने की संभावना
1 जनवरी--- हल्के बादल
2 जनवरी--- हल्के बादल
3 जनवरी--मौसम साफ रहेगा
4 जनवरी-- हल्के बादल
5 जनवरी-- हल्के बादल
6 जनवरी-- बूंदाबांदी
7 जनवरी-- हल्के बादल