राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा निबंध प्रतियोगिता में झांसा की छात्रा को प्रदेश में पहला स्थान
अमर उजाला ब्यूरो
इस्माईलाबाद । गांव झांसा की छात्रा को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा निबंध को लेकर हुई प्रतियोगिता में पूरे भारत में 10वां और हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त कर कस्बे व जिले का नाम रोशन किया है। इस छात्रा को दिल्ली में विज्ञान भवन में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सम्मानित किया है। इसको लेकर खासी संख्या में ग्रामीण उनके निवास पर बधाई देने पहुंचे। ग्राम सरपंच मीनू मल ने बताया कि जनवरी 2017 में पूरे देश के सरकारी स्कूलों में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी बच्चों का रिजल्ट दिल्ली में निकाला गया। 23 अप्रैल को राज्य व देश में टॉप टेन में आने वाले विद्यार्थियों को विज्ञान भवन में बुलाया गया। जहां पर सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने नकद राशि व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में उनके गांव की छात्रा मनप्रीत कौर ने हरियाणा में प्रथम व देश में 10वां स्थान प्राप्त कर गांव, जिले व राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा इस छात्रा को भव्य तरीके सम्मानित किया जाएगा। वहीं छात्रा के पिता त्रिलोक सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि प्राप्त कर उसकी बेटी ने उसका सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।