फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़कों पर उतरे विभिन्न विभागों के सैकड़ों कच्चे कर्मचारी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र।
विभिन्न विभागों में कार्यरत सैकड़ों कच्चे कर्मचारी सोमवार को सड़कों पर उतर आए और पक्का करने के लिए जमकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर कई घंटे तक धरना दिया और जमकर नारेबाजी भी। इस दौरान उन्होंने जिला उपायुक्त सुमेधा कटारिया को सीएम मनोहर लाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान कच्चे कर्मचारियों ने प्रदेश स्तरीय रैली किए जाने का भी एलान किया। सुबह की कच्चा कर्मचारी संघ के बैनर तले सैकड़ों कर्मचारी जिला सचिवालय परिसर में एकत्रित हुए। संघ के नेता सुनील राणा की अध्यक्षता में कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए संघ के जिला प्रभारी सुनील राणा ने कहा कि आज प्रदेश सरकार विदेशी नीति पर चल रही है। इसका उदाहरण वर्षों से कार्यरत कच्चे कर्मचारियों के साथ रोजगार के नाम पर किया जा रहा उनका शोषण है। इसी शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए ही प्रदेश के विभिन्न विभागों के कच्चे कर्मचारियों ने संयुक्त होकर सोमवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को कच्चे कर्मचारियों को पार्ट-1 और पार्ट-2 में न बांट कर, सभी कच्चे कर्मचारियों को एक ही नजर से देखना चाहिए।
विज्ञापन

इस अवसर पर अनुबंधित कर्मचारी संघ बिजली विभाग के राज्य प्रधान धर्मवीर सिंह, नेशनल हेल्थ मिशन हरियाणा के जिला अध्यक्ष सुरेश शर्मा, हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ के प्रदेश प्रवक्ता राजेश शर्मा, प्रदेश संयोजक सुनील सैनी, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष मिहां सिंह रंगा, जिला प्रधान राजेंद्र सिंह ने प्रदेश सरकार पर कच्चे कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का ऐसा कोई भी कच्चे कर्मचारियों से संबंधित संगठन नहीं है, जिससे कि वर्तमान सरकार ने चुनाव पूर्व कोई न कोई वादा न किया हो। प्रदेश में वर्तमान सरकार के कार्यकाल को तीन वर्षों से भी अधिक समय हो गया है, लेकिन अभी तक कच्चे कर्मचारियों से किया हुआ एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने का वादा कर सत्ता में आई प्रदेश सरकार अब उनके रोजगार को छीनने की नीतियां बना रही है। इस कारण आज प्रदेश के सभी कच्चे कर्मचारियों में प्रदेश सरकार के प्रति रोष है। इसका खामियाजा वर्तमान प्रदेश सरकार को आने वाले समय में उठाना पड़ेगा।

इन कर्मचारी नेताओं ने भी किया संबोधित
जिला सचिवालय में दिए गए धरने को कंप्यूटर टीचर वेलफेयर संघ की ओर से पंकज सिंह, सर्व अनुबंधित अनुदेशक संघ के राजेंद्र सिंह, ऑल इंस्ट्रक्टर संघ एसएसए के कपिल देव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों से प्रदेश सरकार एक नियमित कर्मचारी की तुलना में कार्य तो अधिक ले रही है, लेकिन एक नियमित कर्मचारी की तुलना में कच्चे कर्मचारी को आधे से भी कम वेतन दिया जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय कच्चे कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों के समान ही वेतन देने का आदेश दे चुका है।

उठाई पक्का किए जाने की मांग
कच्चे कर्मचारियों ने पहली बार जोरदार प्रदर्शन और धरना देकर पक्का किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। कर्मचारियों ने रोजगार के नाम पर अपना शोषण किए जाने के भी आरोप लगाए और कहा कि सरकार उच्चतम न्यायालय के आदेशों को भी ठेंगा दिखा रही है।
विज्ञापन


पहली बार एकजुट हुए कच्चे कर्मचारी, करेंगे प्रदेश स्तरीय रैली
विभिन्न विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारी पहली बार संयुक्त रूप से एकजुट हुए और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की राह पकड़ी। अभी तक अपने-अपने विभागीय स्तर पर ही कच्चे कर्मचारी यूनियन के रूप में संर्घष करते रहे, लेकिन अब सभी विभागों के कर्मचारियों ने एकजुट होने के साथ अब प्रदेश स्तरीय रैली कच्चा कर्मचारी संघ के बैनर तले किए जाने का एलान भी किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें