हारे हुओं का तुम हो सहारा.... पर झूमे श्रद्धालु
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
श्री खाटूश्याम परिवार ट्रस्ट के तत्वाधान में 117वां संकीर्तन एवं भंडारा शनिवार रात विष्णु कॉलोनी में हुआ। इसके मुख्य यजमान लाल चंद शर्मा परिवार ने श्याम पूजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में आए श्याम भक्तों ने दरबार में हाजिरी लगाई। शाहाबाद के भजन गायक श्रवणराज ने मधुर भजन सुनाए। श्याम इतनी कृपा बरसा दो........, तुम्हारी शरण मिल गई सांवरे....., खाटू वाले श्याम बिहारी, कलिकाल में है महिमा तुम्हारी, हारे हुओं का तुम हो सहारा, कहलाए जग में प्रभु कष्टकारी... आदि भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। ट्रस्ट के सचिव जयपाल शर्मा ने श्रद्धालुओं को श्याम गाथा सुनाई।
उन्होंने बताया कि खाटू श्याम के बारे में विख्यात है कि आज भी वे माता को दिए वचन के अनुसार इस संसार में हारने वाले इंसान का साथ देते हैं। इनके दरबार में जो हार कर जाता है, जीतकर वापस आता है। श्याम कथा के बीच-बीच में भक्तों ने तीन बाणधारी की जय और अहिल्यावती के लाल की जय आदि जयकारे लगाए। अगला खाटू श्याम संकीर्तन सोमवार 27 नवंबर को पुराने बस अड्डे के नजदीक ब्राह्मण धर्मशाला में होगा। इस मौके पर संस्थापक बृजमोहन गोयल, प्रधान अजय गोयल, सचिव जयपाल शर्मा, कोषाध्यक्ष शिवकुमार कौशिक, लोकेश कौशिक, दुर्गाप्रसाद कौशिक, डॉ. हिम्मत सिंह सिन्हा, अनिल चुघ, अश्वनी गुप्ता, सोमनाथ धीमान, ओम प्रकाश चानन, धर्मपाल सिंगला आदि मौजूद रहे।