लूट की साजिश रचते पारदी गैंग के 8 व्यक्तियों को किया काबू
-कुरुक्षेत्र के अलावा पंजाब और राजस्थान में दे चुके हैं वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
पंजाब, राजस्थान और कुरुक्षेत्र में वारदात को अंजाम दे चुके मध्यप्रदेश के पारदी गैंग के 8 सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर जिला अपराध शाखा की टीम ने की है। यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग ने दी। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा ने लूट की योजना बनाते पारदी गैंग के 8 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गर्ग ने बताया कि उप निरीक्षक राकेश कुमार, हवलदार लखन सिंह, हवलदार प्रवीण कुमार, सिपाही संदीप कुमार, सिपाही सतपाल, हवलदार अमरीक सिंह 100 फुटा रोड गश्त
पर थे, इस दौरान एसआई पवन कुमार को गुप्त सूचना मिली कि बीआर चौक से ब्रह्मसरोवर की ओर कुछ संदिग्ध तत्व देखे गए हैं और इनके पास मध्यप्रदेश नंबर की गाड़ी है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर छापेमारी की और 8 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में इन्होंने अपने नाम पन्ना लाल पुत्र अनारथ वासी सुभाष पुरा जिला शिवपुरी मध्यप्रदेश, चंदन उर्फ बाला पुत्र बादाम वासी सुभाष पुरा जिला शिवपुरी मध्यप्रदेश, ओम प्रकाश उर्फ दकडी पुत्र सेन मदन वासी गांव सेंवडा जिला शिवपुरा मध्यप्रदेश, नासीर पुत्र सलीम उर्फ गुडडु वासी गांव सेंवडा जिला शिवपुरा मध्यप्रदेश, शेषना उर्फ शेष पुत्र रूदराशय उर्फ बापजी वासी गांव सेंवडा जिला शिवपुरी मध्यप्रदेश, कीमती लाल पुत्र पन्ना लाल वासी गांव सेंवडा जिला शिवपुरा मध्यप्रदेश, संजय गौर पुत्र राम सिंह वासी गांव मोहना जिला ग्वालियर मध्यप्रदेश और मानव इंदल पुत्र करधनी उर्फ कर्ण वासी गांव सेवडा जिला शिवपुरा मध्यप्रदेश बताया । पुलिस ने इनके कब्जे से 1 राड, 2 पाईप लाहे की राड, 1 गुलेल, 1 बैटरी, 2 ग्रिल तोड़ने वाले औजार बरामद किये। बताया गया है कि इन्होंने जिला कुरुक्षेत्र में दिनांक 19 जुलाई 2017 को नवजीत सिंह पुत्र गुरचरण सिंह वासी लाडवा रोड पिपली के घर में वारदात को अंजाम दिया था। इस के अलावा इन्होंने पंजाब, जयपुर, सांगण राजस्थान आदि में डकैती की है। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक उपरोक्त सभी सदस्य अंतरराज्यीय पारदी गैंग के हैं।