भाजपा सरकार किसानों तथा व्यापारियों के हित के लिए कर रही काम: बेदी
- नवनियुक्त मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाईस चेयरमैन का हुआ शपथ ग्रहण समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भाजपा सरकार किसान तथा व्यापारियों के हित के काम कर रही है। भाजपा के हाथ में ही किसान, गरीब, मजदूरों का हित सुरक्षित हैं। राज्यमंत्री सोमवार को अनाजमंडी में नव-नियुक्त मार्केट कमेटी के चेयरमैन गुरनाम सिंह मलिक तथा वाईस चेयरमैन सतीश सिंगला के शपथ ग्रहण समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा व्यापारियों, किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए कर्मठ कार्यकर्ताओं को मार्केट कमेटी के चेयरमैन व वाईस चेयरमैन बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। भविष्य में सभी किसानों व व्यापारियों को होने वाली दिक्कतों को दूर करेंगे। सरकार का मुख्य ध्येय मजदूर, व्यापारी व किसानों का कल्याण करना है। सीएम मनोहर लाल खट्टर किसानों के हितैषी हैं। पिछले दिनों ओलावृष्टि से प्रदेश के किसानों की फसलें खराब हुई थीं। वर्तमान सरकार ने उन किसानों को राहत देने के लिए 12 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने का कार्य किया था, जोकि एक इतिहास है। प्रदेश सरकार ने 1100 करोड़ रुपए मुआवजे के रुप में राज्य के किसानों को वितरित किए। इतना ही नहीं, पिछली सरकारों के मुआवजे की बची हुई राशि लगभग 289 लाख रुपए भी बांटने का काम किया गया है। मुख्यमंत्री ने उन किसानों की भी फसल के पूरे दामों में खरीदा, जिनकी फसलों का दाना बारिश की वजह से काला पड़ गया था। वर्तमान सरकार से पूर्व यूरिया थानों में ब्लैक होता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूरिया वितरण में फैले भ्रष्ट्राचार व कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त योजना बनाई। नवनियुक्त चेयरमैन व वाइस चेयरमैन ने राज्यमंत्री बेदी, जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर को पगड़ी पहनाकर उनको सम्मानित किया। थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने नव-नियुक्त चेयरमैन व वाईस चेयरमैन बनाने पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि दोनों चेयरमैन किसानों व व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए सकारात्मक कदम उठाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबको साथ लेकर एक समान विकास किया जा रहा है। प्रदेश से भ्रष्ट्राचार को जड से खत्म करने की दिशा में कई कदम उठाए जा रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत फिर से विश्व गुरुबनने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश से क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद तथा भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया है। प्रदेश के युवाओं को वरीयता के आधार पर नौकरियां भी दी जा रही हैं। शपथ ग्रहण समारोह के बाद राज्यमंत्री ने चेयरमैन व वाईस चेयरमैन को विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण करवाया। इस मौके पर किसान मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी विशेष आमंत्रित सदस्य बलबीर सैनी, जिप चेयरमैन गुरदियाल सुनेहड़ी, लोकसभा निगरानी कमेटी चेयनमैन धर्मबीर डागर, नपा चेयरमैन अशोक सिंगला, प्रशांत भारती, सचिन मित्तल, प्रियंका कश्यप, मंदीप विर्क, रणधीर गोलन, धुम्मन किरमिच, जय सिंह पाल, युधिष्ठिर बहल, रिंकू थाना, मदन मनचंदा, हरपाल सिंह, दीपक अत्री, विनोद डोलिया, अमित बंसल, निशा महेश्वरी, राम सिंह, सुनीता देवी, रीना देवी, फूल सिंह, धर्मवीर खेड़ी, ईश्वर सिंह, राकेश पुरोहित, सुखविन्द्र बिट्टू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। --------------------------
दूसरी सरकार में था परिवारवाद: सैनी
लाडवा से विधायक डा. पवन सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार हर किसी को बराबर का मान-सम्मान देती है। दूसरी पार्टियों में परिवारवाद है, परंतु भाजपा पार्टी में एक आम कार्यकर्ता को भी उसके मेहनत के बल पर बड़े से बड़े पद दिए जाते है। सीएम मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश तथा नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपए की घोषणाएं करके प्रदेश में विकास की झड़ी लगा दी है। हरियाणा एक-हरियाणवी एक की नीति पर कार्य किया जा रहा है और प्रदेश के 90 हलकों में एक समान विकास किया जा रहा है। -----------------------
अढ़ाई घंटे देरी से शुरु हुआ कार्यक्रम
शपथ ग्रहण समारोह करीब अढ़ाई घंटे देरी से शुरु हुआ। जिसका कारण समारोह में लेट पहुंचने वाले मुख्यातिथि राज्यमंत्री कृष्ण बेदी थे। कार्यक्रम का समय 10 बजे का निर्धारित किया गया था। लेकिन राज्यमंत्री बेदी 2 घंटे देरी से पहुंचे। जिसके बाद कार्यक्रम अढ़ाई घंटे लेट शुरु हुआ। ------------------------
मंच पर रहा अव्यवस्था का माहौल
कार्यक्रम के दौरान मंच पर अव्यवस्था का माहौल रहा। एक तरफ भाजपा पदाधिकारी संबोधन दे रहे थे तो दूसरी तरफ मंच पर भाजपा कार्यकर्ता मंच पर आसीन नेताओं को रिझाने में जुटे हुए थे। कोई गुलदस्ता भेंट कर रहा था तो कोई गुलाब का फूल देकर नेताओं को देकर फोटो खिंचवाने में मशगुल थे। हालांकि मंच का संचालन कर रहे भाजपा कार्यकर्ता ने उन्हें रोकने का प्रयास भी किया। लेकिन वे अपने काम में मशगुल रहे। जिसकी खूब चर्चा रही।-------------------------
नेताओं और कार्यकर्ताओं में लगी आगे बैठने की होड़
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में मंच पर आगे बैठने को लेकर खींचातानी चलती रही। कई भाजपा कार्यकर्ता पहले ही आकर मंच पर आगे की कतार में आकर बैठ गए। जैसे-जैसे पदाधिकारी तथा नेताओं का कार्यक्रम में आगमन हुआ वे बैठने के लिए इधर-उधर बंगले ताकने लगे। लेकिन पहले से सीट पर बैठे कार्यकर्ता अपनी सीट छोडने का तैयार नहीं थे। बड़ी मुश्किल से नेताओं ने सीट का अरजस्ट किया।