अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। लाडवा क्षेत्र के गांव बरहाण में मौलिक मुख्याध्यापक विक्रम सिंह न केवल छात्राओं को मोबाइल में अश्लील वीडियो दिखाते थे बल्कि उन्होंने क्लास रूम में ही विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर की अर्धनग्न पोस्टर भी लगाया हुआ था। यह आरोप जन संघर्ष मंच के कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में लगाए। मंच की प्रांतीय महासचिव सुदेश कुमारी, सचिव चंद्र रेखा, उषा कुमारी, आरती, भारती सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने वीरवार को सौपे ज्ञापन में कहा कि उन्होंने स्कूल का दौरा किया और छात्राओं के साथ आरोपी अध्यापक द्वारा किए व्यवहार की जानकारी जुटाई, जिसमें छात्राओं ने स्पष्ट स्वीकार किया कि मुख्याध्यापक उन्हें जबरदस्ती अश्लील वीडियो दिखाता था और न देखने पर पीटाई करता था। उन्होंने क्लास रूम में लगा विश्व सुंदरी का अर्धनग्न पोस्टर भी देखा। यहीं नहीं छात्राओं के परिजनों ने भी कहा कि उन्हें बताया गया कि मुख्याध्यापक ऐसी हरकतें कर रहा है और उन्होंने यह क्लास रूम भी अलग से लिया हुआ था। उन्होंने आरोपी मुख्याध्यापक को कड़ी सजा दिलाए जाने की भी मांग की ओर कहा कि फिर से इस प्रकार की घटनाएं सामने न आए, इस बारे में भी उचित कदम उठाए जाएं। जनसंर्घष मंच के कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी, मौलिक शिक्षा अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपा। उधर जिला शिक्षा अधिकारी अरूण आश्री का कहना है कि मामले की विभागीय तौर पर अभी भी गहन जांच की जा रही है।