कुरुक्षेत्र। अपनी मांगों को लेकर जिला भर की आशा वर्करों ने मंगलवार को भी हड़ताल जारी रखते हुए रोष व्यक्त किया। उन्होंने ऐलान किया किया कि सरकार के साथ एक फरवरी को मांगों को लेकर हुई सहमति के संबंध में जब तक पत्र जारी नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। यही नहीं 15 जून को जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा, जिसमें जिला की सभी 735 आशा वर्कर शामिल होंगी।
आशा वर्कर सुबह से ही वे सेक्टर 10 स्थित ताज पार्क में एकजुट हुई, जहां उन्होंने धरना दिया तो जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान हरदीप कौर व जिला सचिव रानी ने की जबकि धरने को सीटू के राज्य कमेटी सदस्य महाबीर दहिया, सुरेश गुढ़ा, आनंद राम, भीम सिंह सहित विभिन्न विभागों से कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया। इसके बाद आशा वर्कर जुलूस निकालते हुए जिला सचिवालय पहुंची, जहां पर करीब एक डेढ़ घंटा तक धरना दिया और जमकर नारेबाजी भी की। उन्होंने एक ज्ञापन भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम डीआरओ चांदी राम को सौंपा। आशा वर्कर व कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों केे लेकर गत 17 जनवरी से लेकर एक फरवरी तक आशा वर्करों ने आंदोलन चलाया था, जिसके चलते सरकार ने उन्हें मांगों को लेकर विचार-विमर्श करने के लिए आमंत्रित किया था। एक फरवरी को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की अध्यक्षता में विभाग के अधिकारियों के साथ आशा वर्कर कर्मचारी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत थी, जिसमें उनकी मांगों पर सहमति बनी थी और आश्वासन दिया था कि उनकी इन मांगों को लेकर जल्द ही नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा, लेकिन अभी तक भी यह नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, जिसके चलते वे स्वास्थ्य मंत्री से लेकर राज्यमंत्री कृष्ण बेदी से भी गुहार लगा चुके है। इसके बावजूद उनकी मांगों को आज तक पूरा नहीं किया गया । अब फिर आशा वर्करों में रोष गहरा गया है, जिसके चलते वे हड़ताल पर उतर आई है तो आंदोलन लगातार कड़ा किया जा रहा है।