सही बिजली सप्लाई न होने पर जताया रोष
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद । नगर में बिजली व्यवस्था दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है। जहां नगर में घटों तक बिजली के लगातार कट लग रहे है वहीं दूसरी ओर दीपक विहार एक्सटेंशन कॉलोनीवासी बिजली सप्लाई सही न आने के कारण परेशानी झेल रहे है। कॉलोनी एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान व समाजसेवी जगदेव सिंह गाबा व कोषाध्यक्ष डॉ. हरकेश धीमान ने बताया कि लगभग 15 से 20 दिन पहले कॉलोनी में बिजली के खंबे लगाए गए थे और मीटरों को खंबो पर लगाया गया था उसी दिन से कॉलोनी में वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने बताया कि वोल्टेज के कभी कम या ज्यादा आने के कारण कॉलोनी में रह रहे लोगों के एसी, मोटरें, पंखे, फ्रिज व इंवर्टर खराब हो रहे है। उन्होंने कहा कि विभाग की इस तरह की सप्लाई के कारण लोगों के नुकसान का जिम्मेवार कौन होगा। गाबा ने बताया कि एसोसिएशन के प्रधान मा. कुलदीप सिंह ने भी इसकी शिकायत कई बार बिजली विभाग से की है, लेकिन आज तक उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसकारण शनिवार को कॉलोनी वासियों ने एकजुट होकर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। कॉलोनी वासियों ने कहा कि जब वह बिजली विभाग को बिजली का बिल व अन्य सभी खर्चे दे रहे है तो विभाग द्वारा उन्हें सही सप्लाई क्यों नहीं दी जा रही है। एसोसिएशन के वरिष्ठ उपप्रधान जगदेव सिंह गाबा ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के जेई कर्म सिंह से बात की तो विभाग के जेई द्वारा उन्हें जवाब दिया गया कि यह मामला एसडीओ बिजली विभाग हल कर सकते है। जब उन्होंने एसडीओ बिजली विभाग से फोन पर बात करनी चाही तो काफी प्रयास करने पर भी एसडीओ द्वारा फोन उठाने की जहमत नहीं की गई। कॉलोनीवासी शिवराम धीमान, डॉ. राहुल गांधी, मनीष गर्ग, संजीव, सचिन धीमान, शीश पाल, ऋषिपाल, धीरज पोपली, राजेंद्र कुमार, संजीव, अमरेंद्र सिंह गाबा व कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर विभाग इस मामले पर जल्द सुनवाई नहीं करता है तो कॉलोनीवासी एसडीओ कार्यालय के बाहर धरने पर बैठेगें।