सफाई न होने से खफा सरपंच ने खुद उठाई झाड़ू
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
गांव बीड सौंटी में कर्मचारी के कई दिनों से गलियां साफ न करने से खफा सरपंच ने खुद ही झाडू़ उठा ली। कई दिन की प्रतीक्षा के बाद भी सफाईकर्मी नहीं आया तो सरपंच चानन राम ने खुद सफाई शुरू कर दी। सरपंच चानन राम शनिवार को झाड़ू लेकर गली में सफाई करने निकले तो उन्हें देख यहां की आंगनबाड़ी वर्कर इंद्रजीत कौर, भाना राम और जिंदर सिंह भी सफाई में मदद करने आ गए। चारों ने मिलकर पहले दिन ही गांव की दो-तीन गलियों को साफ कर दिया। पंच रीटा रानी और उनके पति बलबीर सिंह का कहना है कि सरपंच द्वारा दिए संदेश से गांववासियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उल्लेखनीय है कि गांव बीड सौंटी के सरपंच चानन राम ने श्मशानघाट के लिए जमीन का अभाव और मृतकों का अंतिम संस्कार करने में होने वाली परेशानी को देखते हुए अपनी जमीन ग्राम पंचायत को दे दी थी।