राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में स्नेहा ने जीता कांस्य पदक
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की तरफ से केरला में 61वीं राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन 11 से 31 दिसंबर तक किया गया। इस प्रतियोगिता में कर्ण शूटिंग एकेडमी लाडवा की तरफ से जिले के 34 खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। प्रशिक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि चैंपियनशिप के महिला वर्ग की 50 मीटर प्रोन राइफल टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। इस टीम में करुक्षेत्र की स्नेहा को भी कांस्य पदक प्राप्त हुआ। पुरुष वर्ग की जूनियर प्रतियोगिता के 50 मीटर प्रोन में नीतिश कुमार और गुरमन सिंह ने भी कांस्य पदक जीता। 10 मीटर एयर पिस्टल सिविलियन चैंपियनशिप में निर्भय सिंह ने सीनियर और जूनियर प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र के 16 खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय चयन प्रक्रिया के लिए क्वालीफाई किया है। इसके अलावा 34 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया है।