अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद। श्री लंका में संपन्न हुई स्टूडेंट ओलंपिक चैंपियनशिॅप में गोल्ड जीतकर मंगलवार को शाहाबाद पहुंची गांव त्यौड़ा की सुदेश कश्यप का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत समारोह का आयोजन हारट्रॉन कंप्यूटर सेंटर परिसर में किया गया। जहां सेंटर के संचालक इन्द्रजीत सिंह ने भविष्य में भी सुदेश का पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। इनेलो के प्रत्याशी रहे रामकरण काला, लक्की ढिंढसा, कीर्ति आजाद सहित अनेक हस्तियों ने फूल मालाएं डालकर सुदेश का अभिनंदन किया। प्रतियोगिताओं का आयोजन स्टूडेंट ओलंपिक काऊंसिल श्रीलंका के तत्वाधान में किया गया था। जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फुटबाल, एथलेटिक व अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित हुई थीं। यहां के त्यौड़ा गांव की सुदेश कश्यप ने एथलेटिक की 200 मीटर प्रतियोगिता में भाग लिया था और पाकिस्तान, भूटान, नेपाल व श्रीलंका की खिलाडिय़ों को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया है।