अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा।
गांव बड़शामी के पास स्थित सनातन ज्ञान विद्यापीठ मंदिर में रविवार को शोभायात्रा के साथ श्री शक्ति शतचंडी महायज्ञ व देवी भागवत शुरू हो गई। श्री जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी महेशाश्रम जी महाराज के नेतृत्व में निकाली गई शोभायात्रा को भाजपा सरकार के मुख्य संसदीय सचिव एवं रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा ने रवाना किया।
यात्रा नागेश्वर धाम पक्का घाट से शुरू होते हुए ग्राम देवता खेड़ा बाबा से होते हुए रादौर की मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए वापस मंदिर परिसर में संपन्न हुई। शोभायात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा से स्वागत किया। गांव बड़शामी में स्थित खेड़ा बाबा मंदिर पर स्वामी महेशाश्रम जी महाराज ने पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर स्वामी महेशाश्रम जी महराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर 2 से 9 जुलाई तक श्री शंकराचार्य मठ एवं सनातन ज्ञान विद्यापीठ मंदिर बड़शामी में श्री शक्ति शतचंड़ी महायज्ञ एवं देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। स्वामी जी ने बताया कि नित्य सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक देव आह्वान पूजन, दोपहर 2 से 4 बजे तक हवन व 4 से 6 बजे तक देवी भागवत कथा होगी। 8 जुलाई को दोपहर 2 बजे यज्ञ पूर्णाहुति तथा 9 जुलाई को सुबह 8 बजे से गुरु पूजा प्रारंभ व दोपहर 12 बजे अखंड भंडारा आयोजित किया जाएगा। शोभायात्रा में हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरा खंड सहित अनेक प्रदेशों से आए भक्तों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोभायात्रा के शुभारंभ पर पूर्व ब्लाक समिति चेयरमैन कर्मवीर खुर्दबन, सुरेश ढांडा, पंडित ज्ञान प्रकाश शर्मा, कमल सूरा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु व गण्यमान्य लोग उपस्थित थे।