कुरुक्षेत्र। रक्तदान महादान है, रक्तदान करने से व्यक्ति के शरीर में एक नई ऊर्जा का संचार होता है तथा स्वास्थ्य भी ठीक रहता है, इसलिए हमें समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के काम आए इससे बड़ी कोई बात नहीं हो सकती है।
उक्त विचार उपायुक्त नेहा सिंह बुधवार को गीता ज्ञान संस्थानम् में श्रीकृष्ण कृपा परिवार व जीओ गीता युवा मंच के संयुक्त तत्वावधान में स्वामी ज्ञानानंद के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों की सहायता के लिए आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में व्यक्त किए। इससे पहले उपायुक्त नेहा सिंह, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में उपायुक्त तथा कुलपति ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित किया और सभी रक्तदाताओं को प्रमाणपत्र भी वितरित किए। इस शिविर में 101 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।
कुलपति प्रो सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि रक्तदान महादान है। इस महादान के लिए समाज के हर व्यक्ति को तत्पर रहना चाहिए। इस रक्तदान से किसी अनजान व्यक्ति की जान को बचाया जा सकता है। यह रक्तदान शिविर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के जन्मदिवस पर लगाया गया है। इसलिए इस रक्तदान शिविर का महत्व और बढ़ जाता है।