कुरुक्षेत्र। विधायक व नगर परिषद अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए 10 पार्षदों ने बुधवार को लिखित रुप में सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान किया है। वहीं यह भी घोषणा की है कि अगर एक सप्ताह के भीतर नगर परिषद ने घरों से कचरा उठान के लिये की जा रही वसूली को नहीं रोका तो अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। पार्षदों ने जनता से धोखा करने और सरकारी सुविधाओं के वितरण में घालमेल करने सहित अन्य कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
दरअसल नगर परिषद आपके द्वार योजना के तहत जो वाहन घरों से कचरा उठाने के लिये पहुंचते हैं, उन्हें यह निर्देश मिले हैं कि सिर्फ उन्हीं घरों का कचरा उठाया जाए, जो कि इसका मासिक शुल्क भुगतान करेंगे। यह शुल्क पिछले दो महीने से लिया जा रहा है। जैसे ही बुधवार को थानेसर नगर परिषद आपके द्वार वाले वाहन कचरा उठाने घरों तक पहुंचे तो इनके साथ ड्यूटी पर तैनात कर्मियों ने घरों से शुल्क देने की बात कही थी, लेकिन इनमें से अधिकांश ने शुल्क देने की बजाये अपने पार्षदों को फोन करना शुरू कर दिया। इनका कहना था कि उन्हें तो मार्च में यह आश्वासन दिया गया था कि घरों से कचरा उठान का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह पता चलते ही विरोधी खेमे के पार्षद भड़क गये और लामबद्ध होकर थानेसर नगर परिषद पहुंचे।
इन 10 वार्डो के पार्षदों ने दिये इस्तीफे
थानेसर नगर परिषद के एग्जीक्यूटिव आफिसर के नाम दिये गये सामूहिक इस्तीफे में वार्ड नंबर-3 की पार्षद प्रवीण रानी शर्मा के पति नरेंद्र शर्मा निंदी, वार्ड नंबर-9 की पार्षद सुदेशरानी चौधरी, वार्ड नंबर-14 के पार्षद अमित गर्ग, वार्ड नंबर-16 की पार्षद सविता गर्ग, वार्ड नंबर-17 की पार्षद रीना रानी, वार्ड नंबर-23 के पार्षद कृष्ण कुमार गुप्ता एडवोकेट, वार्ड नंबर-25 के पार्षद नरेंद्र वर्मा, वार्ड नंबर-26 की पार्षद नवनीत टेका, वार्ड नंबर-27 के पार्षद संदीप टेका, वार्ड नंबर-29 की पार्षद अन्नु मेहता शामिल हैं।
सुधा ने जनता के साथ किया छल किया है : सुदेश चौधरी
नगर पार्षद सुदेशरानी चौधरी ने आरोप लगाया कि आठ मार्च 2020 को हाउस की मीटिंग में भाजपा विधायक सुभाष सुधा और नप अध्यक्ष उमा सुधा ने घरों से कूड़ा कचरा उठान के लिये शुल्क लेने का एजेंडा रखा था, जिसका विरोध पार्षदों ने किया था। विरोध के चलते सुधा ने शुल्क न लगाने की बात कही थी। लेकिन लॉकडाउन के बीच भी वसूली की जा रही है। पार्षद सुदेश चौधरी नें कहा कि जनता को झूठ बोलकर वोट हथियाए गये और अब उन पर दोहरी मार हो रही है।
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि एनजीटी और शहरी स्थानीय निकाय हरियाणा पंचकूला के आदेशानुसार डोर-टू-डोर कूड़ा कर्किट उत्थान पर 100 प्रतिशत यूजर चार्जिस उपभोक्ताओं से लेने के निर्देश जारी हुए हैं।