कुरुक्षेत्र। बस अड्डे पर खड़ी इलेक्टि्रक बसें। संवाद
- फोटो : Samvad
कुरुक्षेत्र। प्रदूषण मुक्त शहर बनाने के उद्देश्य से बैटरी से चलने वाली इलेक्ट्रिक बसें वीरवार से सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी। लगभग 80 ई-बसों का शुभारंभ पानीपत से मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा झंडी दिखाकर किया जाएगा, जिनमें 10 कुरुक्षेत्र डिपो की भी शामिल हैं। चौकाने वाली बात ये है कि सिटी सर्विस के अंतर्गत इन नई नवेली 10 बसों को आधी अधूरी तैयारी के साथ सड़कों पर उतारा जा रहा है।
कर्मशाला में करीब एक माह पहले ई-बसों की कंपनी द्वारा इंस्पेक्शन की गई थी। इसके तहत जगह की पहचान करके दस बसों के लिए दो नए चार्जिंग स्टेशन लगाए जाने थे, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधि और रोडवेज विभाग मिलकर अभी तक भी चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था नहीं कर पाए। पहले आ चुकी 10 बसों के साथ यह नई बसें यानी सभी 20 इलेक्ट्रिक बसें केवल दो चार्जिंग स्टेशन के सहारे किस प्रकार समय पर चार्ज होंगी और अनुशासनपूर्ण ढंग से चलते हुए क्रमानुसार शहरवासियों को किस तरह यात्रा सुविधा दे पाएंगी, यह भी देखने वाली बात होगी।
नई इलेक्ट्रिक बसों को भेजा पानीपत : अश्विनी
कुरुक्षेत्र डिपो के कार्य प्रबंधक अश्विनी कुमार ने कहा कि यात्रियों के सुविधाजनक सफर के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नया बस अड्डा परिसर में खड़ी नई इलेक्ट्रिक बसों की सभी तरह से जांच करके पानीपत भेज दिया गया है। यहां नवनिर्मित ई-बस अड्डे से 28 मई को मुख्यमंत्री नायब सैनी हरी झंडी देकर कुरुक्षेत्र समेत अन्य जिलों की 80 बसों को रवाना करेंगे। दोपहर बाद बसों के कुरुक्षेत्र पहुंचने की उम्मीद है इसके बाद रुटीन में सवारियां उठाने और छोड़ने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।