करनाल। 58वीं योनेक्स सनराइज डाॅ. ओपी भल्ला हरियाणा राज्य सब जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में अंडर-13 युगल स्पर्धा में जिले की दो खिलाड़ी युविका कुंडू और तनिषा सिंह ने कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 नवंबर तक फरीदाबाद में किया गया था। शहर की अल्फा सिटी द वाॅरियर बैडमिंटन अकादमी के कोच मोनिका ढिल्लों ने बताया कि उनकी अकादमी की दोनों खिलाड़ियों ने पदक जीत कर जिले के साथ अकादमी का भी नाम रोशन किया है। दोनों ही खिलाड़ी सेंट थेरेसा कांवेंट स्कूल की छात्रा हैं।