माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नेशनल हाईवे स्थित देवीलाल चौक के पास बुधवार सुबह पार्क में राजीव कॉलोनी निवासी अमरजीत का शव पेड़ पर बेल्ट से बनाए फंदे से लटका मिला। मूलरूप से बिहार निवासी अमरजीत फिलहाल राजीव कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान में काम करते थे। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया। परिजन ने हत्या का शक जताया है।
मौके से युवक की जेब से मोबाइल फोन और एक्टिवा स्कूटी की चाबी मिली। स्कूटी का कोई सुराग नहीं लगा। परिजन ने बताया कि स्कूटी उस दुकान मालिक की थी, जहां अमरजीत काम करता था। बताया गया कि वह मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे लंच के लिए निकला था लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। रात को भी घर नहीं पहुंचा। परिवार ने सोचा कि वह किसी दोस्त के पास होगा। बुधवार सुबह उसकी तलाश की गई तो शव पार्क में पेड़ से बेल्ट के सहारे लटका मिला।
मृतक अमरजीत के पिता अशोक कुमार ने बताया कि बेटे ने रात को फोन किया था। कहा था कि घर पर कोई फोन नहीं उठा रहा। उसके बाद बात नहीं हो पाई। पिता ने बताया कि मोबाइल फोन अब पुलिस के कब्जे में है। उन्होंने कहा कि मोबाइल की कॉल डिटेल्स की जांच की जाए ताकि पता चल सके कि अमरजीत आखिरी बार किससे बात कर रहा था और उसे वहां किसने बुलाया।
परिजन का कहना है कि अमरजीत खुशमिजाज था। वह खुदकुशी नहीं कर सकता। परिवार का आरोप है कि किसी ने पैसों के लेन-देन के चलते उसे धमकाया था। उसे बुलाकर हत्या कर दी गई। बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। थाना शहर पुलिस प्रभारी प्रवीन कुमार का कहना है कि मोबाइल और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मौके के हालात और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।