असंध। खेड़ी शर्फली गांव निवासी एक किसान जब गेहूं लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मंडी की ओर जा रहा था तो सिंह होटल के पास जाम में फंसने के दौरान कुछ युवकों ने उस पर हमला कर दिया। वारदात सोमवार दोपहर 3:00 बजे हुई। पीड़ित सुदामा ने असंध पुलिस को बताया कि जाम की स्थिति के चलते जब वह ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे नहीं कर पाया तो वहां मौजूद तीन युवकों ने पहले उससे बहस की और फिर मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तलवार से उसके दाहिने हाथ पर वार कर दिया जिससे खून बहने लगा। घटना के बाद एक राहगीर ने घायल सुदामा को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
सुदामा ने बताया कि हमलावरों के नाम और पता उसे नहीं मालूम, लेकिन तीनों युवक निहंग वेशभूषा में थे और जाते-जाते उसे जान से मारने की धमकी देकर गए। असंध पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।