- पंडित चिरंजीलाल महाविद्यालय में 27 मई को आयोजित होगा युवा उत्सव कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। नेहरू युवा केंद्र की ओर से युवा शक्ति से जन भागीदारी पर चर्चा के लिए एक दिवसीय जिला युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन 27 मई को पंडित चिरंजी लाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद संजय भाटिया करेंगे।
जिला युवा अधिकारी रेनू सिलग ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला, कविता लेखन, मोबाइल फोटोग्राफी, भाषण व सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम केवल लोक, पारंपरिक समूह नृत्य प्रतियोगिता सहित पांच प्रकार के कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। जिसमें विकसित भारत का लक्ष्य गुलामी या ओपनिवेशक मानसिकता के किसी भी निशान को हटाना, हमारी विरासत और संपदा पर गर्व करना, नागरिकों के बीच एकता और एकजुटता एवं कर्तव्य की भावना है। उन्होंने बताया कि कविता लेखन, मोबाइल फोटो व चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम को एक हजार रुपये, द्वितीय को 750 रुपये व तृतीय को 500 रुपये दिए जाएंगे। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम को पांच हजार रुपये, द्वितीय को दो हजार रुपये व तृतीय को एक हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा सामूहिक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम को पांच हजार रुपये, द्वितीय को ढ़ाई हजार रुपये व तृतीय को 1250 रुपये दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में भाग लेने की पात्रता
प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवा करनाल जिले के मूल निवासी हों या करनाल जिले के महाविद्यालय/प्रशिक्षण संस्था में वर्तमान वर्ष में पंजीकृत हों। वहींं एक अप्रैल 2022 को उनकी आयु 15 से 29 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। एक युवक, युवती केवल एक ही प्रतियोगिता में भाग ले सकता है। प्रतिभागी नेहरू युवा केंद्र करनाल कार्यालय पर या ईमेल पर 25 मई 2023 को सांय पांच बजे तक निर्धारित आवेदन पत्र भेज कर अपना पंजीयन करा सकते हैं।