एचसीएस परीक्षा में तार्किक और विज्ञान के सवालों ने उलझाया
कड़ी रही सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक हाजिरी, क्यूआर कोड स्कैन सहित आधार कार्ड देखने के बाद ही एंट्री
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से हरियाणा सिविल सर्विस (एचसीएस) की रविवार को दो सत्रों में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा में अभ्यर्थी रीजनिंग और विज्ञान के प्रश्नों में उलझे। इन दोनों तरह के प्रश्नों में अभ्यर्थियों को हल करने में अन्य प्रश्नों से ज्यादा समय लगा। हालांकि केंद्र से बाहर निकलते हुए अभ्यर्थियों के चेहरे खिले नजर आए।
परीक्षा में अभ्यर्थी के स्थान पर कोई दूसरा अभ्यर्थी बनकर न बैठ सके। इसके लिए सभी अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक हाजिरी, क्यूआर कोड स्कैन सहित आधार कार्ड देखने के बाद ही एंट्री दी गई। वहीं सुबह व शाम के दोनों सत्रों में उड़नदस्तों ने शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों में एचसीएस की परीक्षा को लेकर बनाए गए परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को चेक की।
एक घंटा पहले लगा जैमर
परीक्षा के लिए सुबह सात बजे से ही जैमर चालू कर दिया गया था, जिसे परीक्षा संपन्न होने तक परीक्षा केंद्र के करीब 100 मीटर के दायरे में फोन कॉल और इंटरनेट सेवा बाधित रही। इसके अलावा कैमरों से अभ्यर्थियों और ड्यूटी दे रहे स्टाफ पर भी नजर रखी गई। मुख्य द्वार पर अभ्यार्थियों को केंद्र में प्रवेश देते समय पुलिसकर्मियों ने गहनता से चेकिंग की। जिससे नकल रहित परीक्षा संपन्न हो सके।
आधार, फोटो व रोल नंबर की हुई जांच
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश देते समय पुरुष व महिला पुलिसकर्मियों ने अलग-अलग चेकिंग की। चेकिंग के दौरान अभ्यार्थियों के आधार कार्ड, नवीनतम फोटो व रोल नंबर की गहनता से चेकिंग की गई। अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक हाजिरी व क्यूआर कोड स्कैन किया गया।