- अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज रिद्धि फोर समेत कई युवाओं ने पहली बार किया मतदान
सुखदेव चौहान
करनाल। लोकसभा व विधानसभा उप चुनाव में पहली बार वोट डालने पहुंचे युवाओं ने रोजगार व देशहित के नाम पर वोट दिया। पहली वार वोट डालने आए युवाओं का जोश देखने लायक था। युवाओं का कहना है कि उन्हें जनप्रतिनिधि से शिक्षा में बुनियादी सुधार, नौकरी व विकास कराने की उम्मीद है। हर युवा को 18 वर्ष का होते ही वोट बनवाकर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेना चाहिए।
कर्णनगरी की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज रिद्धि फोर ने 18वीं लोकसभा में पहली बार देशहित में मतदान किया। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उचाना के 184 नंबर बूथ पर अपने परिवार सहित सुबह मतदान किया। रिद्धि ने बताया कि उन्होंने इस बार पहली बार लोकसभा चुनाव में अपने मत का प्रयोग किया है, जिसके लिए वह उत्साहित थीं। उन्होंने बताया उसने अपने मताधिकार का प्रयोग खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखकर किया है। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय पैरा खिलाड़ी सुरेंद्र भल्ला व आशीष, क्रिकेट कोच सतीश राणा ने भी मतदान किया।
लोकतंत्र के पर्व में लिया हिस्सा
दनियालपुर गांव के दो बूथों 174 व 175 पर 67 नए वोटरों में से 65 ने पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पहली बार वोट डालने आए रविंद्र रोड़, शुभप्रीत गिल, अंकित व आकाश ने बताया कि उन्होंने इस बार 18वीं लोकसभा के लिए पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। वोट डालने का उद्देश्य लोक के महापर्व में हिस्सा लेकर अपनी पसंद की सरकार चुनना रहा। महिला वोटर वर्षा शर्मा ने भी पहली बार अपने ससुराल में मतदान किया।