घरौंडा पुलिस की ओर से मदद मांगने गए युवक से मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने घरौंडा के थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
गांव कोहंड के बस स्टैंड पर स्थित किराने के दुकानदारों के साथ रहने वालों के साथ हुई मारपीट में एक युवक बुरी तरह से घायल हो गया था। घायल अवस्था में युवक पुलिस स्टेशन पहुंचा तो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और हवालात में बंद कर दिया।
घरौंडा निवासी घनश्याम पुत्र अभिलाष गुप्ता गांव कोहंड के बस स्टैंड पर अलीपुर रोड पर किराने की दुकान चलाता है। दुकानदार अभिलाष का उनके पड़ोसी से लगभग साढे़ नौ हजार रुपये का लेनदेन था। अभिलाष ने बताया कि वीरवार रात को रुपये देने के लिए उन्हेें फोन पर बुलाया और बुरी तरह से मारपीट की। इससे वे बुरी तरह से घायल हो गए और बाजू टूट गई।
मारपीट के बाद वे अपने परिजनों के साथ शिकायत देने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को थाने से बाहर निकाल दिया और थाना प्रभारी विजय मलिक, एएसआई जितेंद्र सिंह व अन्य तीन पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बुरी तरह से मारपीट की और उनके नाक व मुंह में पानी डालकर प्रताड़ित किया गया।
बाद में हवालात में बंद कर दिया। इसके हवालात में बंद होने के बाद परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा किया। हंगामे के बाद पुलिस अभिलाष को उपचार के लिए सामुदायिक केंद्र में ले गई लेकिन हालात ज्यादा नाजुक होने पर करनाल के ट्रॉमा सेंटर में रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में घायल युवक ने आपबीती परिजनों को बताई। इससे परिजनों को गुस्सा और भड़क गया।
परिजनों का गुस्सा देख एएसआई जितेंद्र सिंह मौका पाकर अपनी सरकारी जीप लेकर रफूचक्कर हो गए। परिजनों ने इस मामले की शिकायत रात को ही पुलिस अधीक्षक शशांक आनंद से की। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी विजय मलिक व एएसआई जितेंद्र सिंह को लाइन हाजिर कर दिया और मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी जोगेंद्र सिंह को साैंप दिया।
शुक्रवार दोपहर बाद डीएसपी राठी जांच करने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंचे। घायल परिजनों ने सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनको काबू करने की भी मांग की। डीएसपी ने कहा कि पुलिस स्टेशन में एक युवक के साथ पांच पुलिसकर्मियों द्वारा मारपीट करने की शिकायत मिली है।
मामले में थाना प्रभारी व एक एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि घायल अभिलाष से रुपयों के लेनदेन के मामले में मारपीट करने वाले संजय व अजय के खिलाफ शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद
करनाल में चार दिन पूर्व मेरठ रोड की आवर्धन नहर के पुल से चोरी की कार सहित काबू किए गए आरोपी ने तीन अन्य बाइक चोरी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कार के साथ तीनों बाइक बरामद कर ली हैं।
शुक्रवार को रिमांड पूरा होने पर पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। 25 नवंबर को ऑटो एंटी थैफ्ट की टीम के प्रमुख एएसआई रोहताश के नेतृत्व में टीम ने नाकेबंदी कर आवर्धन नहर पुल से हांसी रोड गली नंबर 11 निवासी सुमित उर्फ काका को मारुति कार सहित काबू किया था। यह कार चोरी की निकली।
पुलिस ने आरोपी को अगले दिन कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने 28 नवंबर तक रिमांड पर भेज दिया। सुमित ने खुलासा किया कि उसने तीन बाइक चुराई हैं, जोकि थाना घरौड़ा, थाना सिविल लाइन व थाना सदर क्षेत्र से हैं। इस संदर्भ में पुलिस पहले की मामले दर्ज कर चुकी है। कोर्ट ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
ग्रामीणों से ठगी का मामला ठंडे बस्ते में
इंद्री में द गढ़ी जाटान कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में गांव पंजोखरा, बुटानखेड़ी व गढ़ी जाटान के ग्रामीणों के लोन में हुई धोखाधड़ी का मामला ठंडे बस्ते में पड़ा है।
ग्रामीण अंगूरी देवी, संतोष देवी, सिंदरी, राजवंती, माली देवी, बंतो देवी, शिमला देवी व बबली देवी ने कई दिन पहले पुलिस को मामले की शिकायत की थी लेकिन पुलिस का तर्क है कि अभी जांच चल रही है। ग्रामीणों ने शिकायत डीसी को भी कर रखी है और एसडीएम हेमा शर्मा जांच कर रही है।
वहीं, ग्रामीणों ने पुलिस थाने में उनके पैसे हड़पने के आरोप लगाते हुए नीलोखड़ी के एक दलाल व अधिकारी के खिलाफ शिकायत दी थी। फसाद की जड़ दलाल के नहीं मिलने से पुलिस जांच प्रभावित हो रही है। शिकायतकर्ता ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने भैंसों व किराने की दुकान के लिए बैंक में लोन अप्लाई किया था। निगम से उनके 50-50 हजार रुपये के लोन मंजूर कर गढ़ी जाटान के बैंक को स्वीकृत फार्म भेज दिए थे।
बैंक प्रबंधक व नीलोखेड़ी के एक दलाल ने मिलकर कागजों पर उनके अंगूठे लगवाकर लोन की राशि हड़प ली और पता नहीं इन्होंने भैंसें कब और कहां पास करवाई। इस बारे में बैंक प्रबंधक सतपाल पहले ही अपने आपको पाक साफ बता चुके हैं। उन्होंने कहा है कि नियमानुसार काम किया है। कागज पूरे हैं। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस में शिकायत आई हुई है। मामले की जांच जारी है।
अवैध निर्माणों पर चला पीला पंजा
करनाल के कुंजपुरा रोड पर हवाई पट्टी के सामने शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने अवैध निर्माण तुड़वा डाला। अतिक्रमण हटाने के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट हरिओम अत्री (तहसीलदार) और डीटीपी एसके पूनिया की मौजूदगी में अवैध निर्माण गिराने का काम किया गया।
मौके पर पहुंचे अतिक्रमण हटाओ दस्ता की टीम को देख अवैध कॉलोनी में निर्माण करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। करीब पौने घंटे तक अवैध निर्माण हटाने के लिए जेसीबी मशीन से काम किया गया।