माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। शराब पीने के बाद हुई कहासुनी में बस स्टैंड के पीछे रहने वाले चिनाई के मिस्त्री शेर सिंह (35) की चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी गई। रविवार की रात को बस स्टैंड के पीछे टैक्सी स्टैंड के पास बनी बस्ती में वारदात की गई। चार युवकों पर आरोप है। मामले में पुलिस ने फरीदाबाद निवासी सन्नी को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि मृतक शेर सिंह और आरोपी सन्नी के बीच दो हफ्ते पहले फोन छीनने पर विवाद हुआ था। रविवार की रात को दोनों मिले और साथियों के साथ शराब पी। शराब के नशे में पुराने मामले पर कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार सन्नी ने चाकू से शेर सिंह के पीठ और पेट में चाकू से वार किए। पुलिस ने घायल शेर सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। झुग्गी में रहने वाले शेर सिंह की चार बेटियां हैं।
सिविल लाइन थाने के प्रभारी रामलाल ने बताया कि आरोपी सन्नी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के बाद आरोपी के साथ और लोग कौन थे, उनकी पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा।
सबूत मिटाने आया तो पकड़ा गया
आरोपी सोमवार की सुबह बस्ती में वारदात में इस्तेमाल चाकू उठाने व सबूत मिटाने के लिए पहुंचा था। मृतक के परिवार व अन्य लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट के कई केस दर्ज हैं।
एक घंटे तक मौके पर तड़पता रहा
मृतक शेर सिंह चाकू लगने के बाद मौके पर करीब एक घंटे तक तड़पता रहा था। परिवार का कहना है कि पुलिस के आने के बाद ही उसे अस्पताल लेकर गए थे। जहां उनकी मौत हो गई। पेट और पीठ में चाकू लगने से काफी खून बह गया था। वारदात के बाद फाॅरेंसिक टीम ने सोमवार को बस्ती पहुंचकर खाट और झुग्गियों के तिरपाल से रक्त के नमूने भी लिए
चाकूओं से गोदकर युवक की हत्या, आरोपी पकड़ा