होली के दिन कलंदरी गेट स्थित एक घर में घुसकर दो भाइयों पर जानलेवा हमला हुआ था। जिसमें सिर पर गंभीर चोट लगने से घायल एक भाई सरोज (25) ने दम तोड़ दिया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलंदरी गेट चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक परिजनों ने जाम लगाए रखा। जिससे बाजार में वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर सिटी थाना प्रभारी संदीप पुलिस बल के साथ पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। इसके बाद थाना प्रभारी ने एक-दो दिन में सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया तभी परिजन माने और शव उठाकर शिवपुरी ले गए।
सिर में मारी थी गंडासी और बिंडा
कलंदरी गेट निवासी गोविंद (23) ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है। वे पांच भाई और एक बहन हैं। 29 मार्च होली पर करीब 7.30 बजे शाम वह पुरानी सब्जी मंडी करनाल से अपने घर कलंदरी गेट जा रहा था। जब घर के गेट के पास पहुंचा तो पीछे से 4 युवक बाइक पर आए। आरोपी सोनू, गोपाल और अन्य ने मिलकर उस पर डंडे-बिंडे से हमला कर दिया और बाइक पर फरार हो गए। इसी बीच उसका भाई सरोज शोर सुनकर गली में आया तो उसने उसे सारी बात बताई। कुछ देर बाद चारों आरोपी वापस आकर उनके घर में घुस गए और मारपीट शुरू कर दी। सरोज के सिर में गंडासी व बिंडे से हमला कर भाग गए। परिजनाें ने सरोज और मुझे अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां इलाज के दौरान सरोज ने दम तोड़ दिया।
कलंदरी गेट पर दो भाइयों से चार युवकों ने मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर दो आरोपियों को नामजद कर चार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। बुधवार को घायल एक भाई ने दम तोड़ दिया। इस मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। जल्द चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-संदीप कुमार, सिटी थाना प्रभारी, करनाल