संवाद न्यूज एजेंसी
काछवा। पूर्व पंचायत सदस्य के इकलौते बेटे की हाइवोल्टेज लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह छत पर सोलर पैनल की सफाई करने गया था। इसी दौरान वाइपर के लोहे का पाइप छत के ऊपर से गुजर रही हाइवोल्टेज लाइन से टकरा गया और वह करंट की चपेट में आ गया।
गांव काछवा के पूर्व पंचायत सदस्य सुदर्शन बजाज का 41 वर्षीय बेटा दीपक बजाज खेत में बनी डेयरी में पशुओं की देखभाल के लिए गया था। इस दौरान वह छत पर लगी सोलर लाइट के पैनल को देखने गया। तभी करंट की चपेट में आ गया। झुलसे दीपक को तत्काल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दीपक माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता की भी मौत हो चुकी था। वह अपनी वृद्ध मां का एकमात्र सहारा था। वहीं अपनी पत्नी व दो बच्चे छोड़ गया।
बिजली कर्मियों ने नहीं बदली लाइन
छत के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन से परिवार काे खतरा था। परिजनों का आरोप है कि युवक ने बिजली कर्मियों से लाइन बदलने के लिए कुछ दिन पहले कहा था मगर बिजली कर्मियों ने नहीं सुनी।