करनाल। बैंक में रुपये जमा करवाने आए तखाना गांव निवासी पारस से 15 बदमाशों ने पिटाई करके 70 हजार रुपये व आईफोन लूट लिया। आरोपी शिकायतकर्ता के सिर में चोट मारकर घायल करके भाग गए। इसके बाद घायल पारस ने किसी का फोन लेकर अपने पिता राजकुमार को लूट की सूचना दी। उन्होंने पुलिस को सूचित किया और बेटे को अस्पताल पहुंचाया। तरावड़ी थाना पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
तखाना निवासी पारस ने बताया कि वह अपने पिता की फसल का करीब 70 हजार रुपये बैंक में जमा कराने के लिए तरावड़ी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नगरपालिका रोड पर करीब 15 युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों के पास चाकू भी था। पहले युवक की पिटाई की गई, फिर उसे बाइक पर बैठाकर संधीर रोड की ओर ले जाया गया, जहां दोबारा पिटाई करके 70 हजार रुपये और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद लुटेरे उसे वहीं छोड़कर भाग गए। इस वारदात में पीड़ित पारस को सिर में चोट लगी हैं। उसे उपचार के लिए तरावड़ी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का कहना है कि कुछ लुटेरों के चेहरे ढके हुए थे, जबकि कुछ की पहचान हो सकती है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। तरावड़ी थाना के जांच अधिकारी कर्मबीर ने बताया कि लूट व पिटाई की शिकायत मिली है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।