युवक को इलाज के लिए ले जाता उसका भाई तरुण संवाद
करनाल/जुंडला। नरूखेड़ी निवासी 19 वर्षीय सचिन नरवाल उर्फ सुच्चा पर रविवार को चाकू से हमला किया गया। आरोप है कि जुंडला से नरूखेड़ी जाने वाले मार्ग पर रजवाहे के पास 5-6 युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से वार किए। सचिन के पेट और बाजू में चोटें आई हैं। सचिन 10 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
नरूखेड़ी निवासी तरुण ने बताया कि घटना दोपहर की है। सचिन के घायल होकर गिरने के बाद हमलावर भाग गए थे। सूचना पर वह मौके पर पहुंचा और उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल लेकर गया। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया।
जुंडला चौकी इंचार्ज गौरव कुमार ने बताया कि सचिन को चाकू के दो घाव लगे हैं। इनमें एक घाव बाजू पर और दूसरा पेट पर है। मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है। घटना में घायल युवक पर हत्या की कोशिश का आपराधिक मामला दर्ज है। इसी मामले में वह जेल में था। वह करनाल सिटी थाने में दर्ज एक मामले में आरोपी है और 8 अक्तूबर को जेल से बाहर आया था।
हमले के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी राजीव ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि सचिन पर हमला किस कारण से किया गया और इसमें शामिल युवक कौन हैं। मामले की जांच सीआईए और जुंडला चौकी की टीमें कर रही हैं। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।