संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वती नगर। सारण गांव के पास अंडे खाने के लिए रुके मिल्क धन कोटा निवासी विजय पर सात-आठ युवकों ने तलवार, रॉड व डंडों से हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने चार युवकों को नामजद करते हुए कुछ अन्य पर केस दर्ज किया है।अंबाला के गांव मिल्क धन कोटा निवासी विजय ने छप्पर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी टाटा एस गाड़ी की पासिंग कराने के लिए आरटीओ ऑफिस गया था। पासिंग कराने के बाद देर शाम वह घर वापस आ रहा था। रास्ते में शाम करीब सात बजे वह अंडे खाने के लिए गांव सारण के पास रुक गया था। उसी समय सारण गांव निवासी रोहित, गोल्डी, राकेश, कालू समेत सात-आठ युवक वहां पर आए। उन्होंने नशा किया हुआ था। नशे में आरोपी उससे गाली गलौज करने लगाए। उसने उन्हें गालियां देने से मना किया तो आरोपियों ने लाठी, डंडे, तलवार व अन्य हथियारों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में वह घायल होने से बेहोश हो गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जहां उसे उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी रोहित, गोल्डी, राकेश व कालू का नामजद करते हुए अन्य पर केस दर्ज किया है।