संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र की शिवपुरी बी कॉलोनी में कुछ युवकों ने रॉड व डंडों से कार सवार राघव मेहरा पर हमला कर दिया। हमलावरों ने कार में तोड़फोड़ की। शोर सुनकर जब राघव मेहरा के पिता सुरेश मेहरा व मां प्रवीन मेहरा मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उन्हें भी घायल कर दिया। घायलों में सुरेश मेहरा की हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। जबकि मां-बेटे का सिविल अस्पताल में उपचार दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को नामजद करते हुए एक अन्य पर केस दर्ज किया है।
शिवपुरी बी कॉलोनी निवासी राघव मेहरा ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एमएलएन कॉलेज में पढ़ता है। उसका भाई माधव दुबई में रहता है। उसके पिता सुरेश मेहरा प्राइवेट काम करते है। रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने दोस्त ससौली निवासी सहरान उर्फ शेरा के साथ अपनी कार में कमानी चौक पर निजी काम से गए थे। काम खत्म करके वह घर आया। रास्ते में उसने अपने दोस्त शेरा को उसके घर के बाहर उतार दिया। वह अपनी कॉलोनी में गली में पहुंचा तो उसका दूसरा दोस्त गगन उसकी कार में बैठ गया। जब वह घर पहुंचा तो पीछे से कार में सवार होकर कांसापुर निवासी मांगा खान, पांडो गांव निवासी मन्नी, साढौरा निवासी मनजोत सिद्धू व एक अन्य युवक आया। कार से उतरते ही आरोपियों ने रॉड, डंडों, बिंडों से उसकी कार में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। जब वह कार से नीचे उतरा तो आरोपियों ने उस पर भी रॉड, डंडों व तलवार से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब उसके पिता सुरेश मेहरा व मां प्रवीन मेहरा घर से बाहर आई तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर घायल कर दिया। जब उनके पड़ोसी व आसपास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां उसके पिता की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। जबकि उसे व उसकी मां को अस्पताल में उपचार दिया गया। गांधी नगर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एसआई बलबीर सिंह का कहना है कि मामले में तीन युवकों को नामजद करते हुए एक अन्य पर केस दर्ज कर लिया है।