- पुलिस ने बड़े बेटे को किया गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद, छोटा बेटा फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पापा! आपने नशे के कारण हम सबका जीवन बर्बाद कर दिया...। यह कहते हुए रविवार की शाम मंगलौरा गांव में बड़े बेटे ने गन्ना काटने की दरांती से कई वार कर पिता की हत्या कर दी थी। यह बात मां ने पुलिस को बताई। पुलिस ने सोमवार को फरार चल रहे बेटे को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। छोटा नाबालिग बेटा फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
आरोपियों की माता के अनुसार राममेहर (48) नशे का आदी था। वहीं वह नकदी, जेवरात आदि बहनों को बांट देता था। यही नहीं, जमीन के कागजात भी बहन के घर रख आया था। बेटे पिता के नशे की आदत से परेशान थे। रविवार की शाम राममेहर नशे की हालत में घर पहुंचा और बेटों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। बेटों ने पहले पिता को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। उल्टा बेटों को पीटने लगा, तभी बड़ा बेटा गुरमीत गन्ना काटने की दरांती लेकर आ गया।
साथ ही चिल्लाया कि पापा, आपने नशे के कारण हम सबका जीवन बर्बाद कर दिया। मां के गहने, रुपये मामा की एक किला जमीन के कागजात भी बुआ के पास समसपुर में रख दिए। यह कहते हुए दरांती से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसी बीच नाबालिग बेटे ने भी पिता पर डंडे बरसाए। गर्दन पर दरांती लगने से राममेहर की मौके पर ही मौत हो गई थी।
बहनों के पास भी रहा राममेहर, नशे के चलते रखने से किया था मना
एक वर्ष पहले राममेहर ने पत्नी इंद्रो के साथ मारपीट की थी। जिसमें इंद्रो के कान का पर्दा फट गया था। इसके बाद इंद्रो का भाई नितिन उसे और गुरमीत को अपने साथ गांव करलन ले गया था। जबकि राममेहर अपने छोटे बेटे को लेकर अपनी बहनों संजो, बबली और ममतेश के पास समसपुर गांव चला गया। वहां भी वह नशा करता रहा। नशे की हालत में भांजों के साथ झगड़ा करता था, जिस पर बहनों ने उसे रखने से मना कर दिया। जिसके बाद राममेहर छोटे बेटे को लेकर मंगलौरा में आकर रहने लगा। पति की हत्या के 10 दिन पहले वह भी बेटे गुरमीत के साथ मंगलौरा आ गई थी।
हत्यारोपी बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे गन्ना काटने की दरांती भी बरामद कर ली है। छोटे बेटे की तलाश की जा रही है।
- तरसेम चंद, एसएचओ, थाना मधुबन