-ब्राह्मण माजरा के पास वारदात, पुरानी रंजिश का आरोप, निगदू थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल, निगदू। गांव ब्राह्मण माजरा के पास खेतों में ट्यूबवेल के नजदीक खड़े एक युवक पर तेजधार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक के सिर और कमर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे पहले निगदू अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला नागरिक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता जोगिन्द्र ने बताया कि 3 मार्च की सुबह करीब 9 बजे वह अपने भाई रणजीत के साथ खेतों में चारा लेने गए थे। दोनों ट्यूबवेल के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान उनका बेटा साहिल गांव से खेतों की ओर आ रहा था। आरोप है कि तभी गांव की तरफ से आए आयुष ने पीछे से साहिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घायल साहिल की चीख सुनकर जोगिन्द्र और रणजीत मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भाग निकला। साहिल को तुरंत निगदू अस्पताल ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेफर कर दिया।
जोगिन्द्र का आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में भी आयुष ने उन पर हमला किया था लेकिन तब समझौता हो गया था। उनका कहना है कि उसी पुरानी रंजिश के चलते बेटे पर हमला किया गया है। जांच अधिकारी जगदीश चंद्र ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।